मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड की ग्राम पंचायत कुंजारा में 2 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित 280 किलोवाट क्षमता के ऑन-ग्रिड सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण किया। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत स्थापित यह छत्तीसगढ़ की अपनी तरह की पहली परियोजना बताई गई है, जिसमें सौर ऊर्जा उत्पादन से ग्राम पंचायत को नियमित आय मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों की वास्तविक आत्मनिर्भरता तभी संभव है, जब ग्राम पंचायतों के पास विकास कार्यों के लिए आय के अपने स्थायी स्रोत हों। उन्होंने कहा कि कुंजारा अब बिजली उत्पादन के साथ आय अर्जित करने वाली ग्राम पंचायत के रूप में नई पहचान बनाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सौर ऊर्जा से देश को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प को यह परियोजना जमीन पर साकार करने का उदाहरण है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, यह संयंत्र प्रतिवर्ष लगभग 4 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन कर सकेगा। उत्पादित बिजली सीधे विद्युत ग्रिड में भेजी जाएगी और वर्चुअल नेट मीटरिंग के माध्यम से जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों की विद्युत खपत से इसका समायोजन किया जाएगा। इस व्यवस्था में ग्राम पंचायत कुंजारा को 5 रुपये प्रति यूनिट की दर से लाभांश मिलेगा।

इससे ग्राम पंचायत को सालाना अनुमानित 18.75 लाख रुपये की आय होगी। यह राशि ग्राम सभा के प्रस्ताव के आधार पर गांव की आवश्यकताओं, अधोसंरचना निर्माण और स्थानीय विकास कार्यों में खर्च की जा सकेगी। मुख्यमंत्री ने ग्रामवासियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और कहा कि यह पहल प्रदेश की अन्य ग्राम पंचायतों के लिए प्रेरणादायी बनेगी।