जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार को सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के स्थानीय कमांडर लतीफ भट मारा गया था। उसके परिजनों ने देर रात करीब 10 बजे उसके घर से लगभग 160 किलोमीटर दूर उसे दफना दिया। अंतिम संस्कार के समय सुरक्षा बलों के जवान भी मौजूद थे। परिजनों ने हिन्दुस्तान टाइम्स से बातचीत में इसकी पुष्टि की और बताया कि अंतिम संस्कार धार्मिक और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार किया गया।

लतीफ भट के परिवार को कुपवाड़ा जिले की बंगस घाटी के एक गांव में ले जाया गया, जहां उसे दफनाया गया। उसका परिवार कुपवाड़ा के ख्रेवान गांव में रहता है। परिजनों को अंतिम संस्कार की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करने की इजाजत नहीं थी। लतीफ के मामा मोहम्मद अल्ताफ ने बताया कि सुरक्षा बलों ने उन्हें कब्रिस्तान तक ले जाने से पहले लगभग 10 किलोमीटर दूर ही उनके फोन ले लिए थे। अंतिम संस्कार में परिवार के 8 पुरुष मौजूद थे, जिनमें उसके पिता मुश्ताक अहमद भट, दो मामा, तीन चाचा और एक बहनोई शामिल थे।

केंद्र सरकार की नीति के तहत मारे गए आतंकवादियों के शव उनके परिवारों को नहीं सौंपे जाते। सार्वजनिक अंतिम संस्कार और आतंकवादियों के महिमामंडन को रोकने के इरादे से ऐसा किया जाता है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 29 जून 2025 को लोकसभा में कहा था कि अब जहां भी कोई आतंकवादी मारा जाता है, उसे वहीं दफना दिया जाता है। उन्होंने कहा था कि नरेंद्र मोदी के शासन में किसी भी आतंकवादी के महिमामंडन के लिए अंतिम संस्कार का जुलूस निकालने की अनुमति नहीं है।

केंद्र सरकार के अनुसार, लतीफ भट जम्मू-कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा का आखिरी सक्रिय स्थानीय सदस्य था। वह पिछले हफ्ते सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले में भी शामिल था, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे।