जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सीआरपीएफ जवानों को घायल करने वाले आतंकवादी लतीफ भट को मार गिराया गया है। भट कुलगाम के ख्रेबान गांव का रहने वाला था और 2025 से लापता था, जिसकी रिपोर्ट उसके परिवार ने दर्ज कराई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भट की उम्र 23 साल थी और वह भारत में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का आखिरी कमांडर था। हालांकि, पुलिस ने इस बारे में आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, बुधवार सुबह जंगलगाम गांव में उसे घेर लिया गया था, जिसके बाद पूरे गांव की घेराबंदी कर दी गई। अधिकारियों के मुताबिक, घाटी की मस्जिदों से सुबह की नमाज के लिए अजान होने से कुछ ही देर पहले मुठभेड़ शुरू हुई। घेराबंदी में फंसने के बाद सुरक्षाबलों ने भट को आत्मसमर्पण का मौका दिया और उसे सरेंडर करने के लिए कहने वाले वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, लेकिन उसने इनकार कर दिया।
11 नवंबर को सीआरपीएफ कैंप पर हुए हमले में भट के शामिल होने की बात कही जा रही है, जिसके बाद से पुलिस और सुरक्षाबल उसकी तलाश में थे। खबर है कि मंगलवार को हुई मुठभेड़ में भट बचकर निकल गया था। कहा जा रहा है कि सरेंद्र से इनकार के बाद आंसू गैस के गोले की मदद से उसे मस्जिद से बाहर लाया गया। इससे पहले सुरक्षाबलों ने उमर निसार डार को भी मार गिराया था।
इस मुठभेड़ की खबर के बाद सीआरपीएफ ने खुशी जताई है। सीआरपीएफ महानिदेशक जीपी सिंह ने लिखा, "शुभकामनाएं। कुछ चीजें ठंडा करके खाने में ही मजा आता है। ठंडे मौसम में भी।"
