लखनऊ के रहने वाले अनुज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने दावा किया है कि उनकी बाइक बिना पेट्रोल के करीब 10 किलोमीटर चली। हाईवे पर बाइक रोककर रोते हुए अनुज ने बताया कि जुनाबगंज से कानपुर की तरफ बने नए पुल के पास उनकी गाड़ी का पेट्रोल खत्म हो गया था। उस समय जंगल का इलाका था और आसपास कोई नहीं था। अनुज के मुताबिक, उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ शुरू किया और पूरे रास्ते पाठ करते हुए वह पेट्रोल पंप तक पहुंच गए।

अनुज ने वीडियो में खुद को हनुमान जी का बड़ा भक्त बताया है और कहा है कि वह लहसुन-प्याज नहीं खाते। उन्होंने बताया कि उन्होंने हनुमान जी से प्रार्थना की कि अब आगे की गाड़ी वही संभालें, क्योंकि न पेट्रोल है और न कोई सहारा। अनुज का कहना है कि पेट्रोल खत्म होने के बावजूद गाड़ी पेट्रोल पंप तक आ गई और उन्होंने उसी वक्त तय किया कि इस अनुभव का वीडियो बनाएंगे।

वायरल वीडियो को अब तक करीब 2 करोड़ 82 लाख व्यूज, 37 लाख लाइक्स और 1 लाख 92 हजार कमेंट्स मिल चुके हैं। कई यूजर्स ने कमेंट में अनुज की बात पर भरोसा जताया है। हालांकि, बिना पेट्रोल बाइक चलने के इस दावे की स्वतंत्र तौर पर पुष्टि नहीं हुई है।