मणिपुर के चंदेल जिले में 18 नवंबर को जहरीली शराब पीने के बाद कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई है और 300 से ज्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के मुताबिक, मरीज मुख्य रूप से पहाड़ी जिले के चकपिकारोंग और आसपास के इलाकों के रहने वाले हैं, जिन्हें इंफाल के जेएनआईएमएस, आरआईएमएस, शिजा और बबीना अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात 9 बजे तक 13 लोगों की मौत की खबर है, जबकि जहरीली शराब पीने से मेथनॉल पॉइजनिंग के शक में 346 मरीजों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने शुक्रवार दोपहर शिजा और बबीना अस्पताल का दौरा कर हालात का जायजा लिया और भर्ती मरीजों से मुलाकात की। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने बताया कि चकपिकारोंग इलाके में जहरीली शराब पीने के बाद इलाज करा रहे लोगों का हाल जाना। उन्होंने कहा कि शिजा अस्पताल में 140 से ज्यादा और बबीना अस्पताल में 41 से ज्यादा मरीज भर्ती हैं, जबकि पिछले 48 घंटों में मरने वालों की संख्या 11 हो गई है। मरीजों की जांच और इलाज डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में चल रहा है।

चंदेल जिला प्रशासन ने आपातकालीन उपाय तेज कर दिए हैं और स्थिति की निगरानी के लिए एक टीम गठित की गई है। अधिकारी के अनुसार जिले में चार रैपिड रिस्पॉन्स टीमें तैनात की गई हैं, जिनके पास पर्याप्त दवाएं और ऑक्सीजन की आपूर्ति मौजूद है। जनरल मेडिसिन के विशेषज्ञ के नेतृत्व में एक मेडिकल टीम जरूरी दवाओं के साथ चंदेल भेजी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस मामले की जांच कराएगी और दोषियों को सजा दी जाएगी।

शिजा अस्पताल के संयुक्त प्रबंध निदेशक चेतन के. ने पत्रकारों को बताया कि भर्ती मरीजों में चक्कर आना, पेट दर्द और अन्य समस्याएं देखी गई हैं, और कुछ मरीजों का हीमोडायलिसिस भी किया जा रहा है। शिजा अस्पताल के अनुसार अब तक मेथनॉल पॉइजनिंग के कारण 312 से ज्यादा मरीजों का इलाज किया गया है। शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि यह संदिग्ध जहरीली शराब काकचिंग जिले के सुग्नू से खरीदी गई थी। चंदेल निर्वाचन क्षेत्र की विधायक एसएस ओलिष ने बताया कि और मरीजों को इंफाल लाने की व्यवस्था की जा रही है। इधर, बिष्णुपुर, सेनापति, काकचिंग और थौबल जिला प्रशासनों ने अलग-अलग सार्वजनिक परामर्श जारी कर लोगों से स्थानीय स्तर पर बनी शराब या संदिग्ध और बिना पुष्टि वाले स्रोतों से आए शराब या नशीले पेय पदार्थों का सेवन करने से बचने की अपील की है।