जम्मू। योजना, विकास एवं निगरानी तथा युवा सेवा एवं खेल मंत्री मीर सैफुल्लाह ने शनिवार को पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पीडीपी पिछले विधानसभा चुनाव में अपना जनाधार खो चुकी है और अब राजनीतिक प्रासंगिकता बचाने के लिए नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) का विरोध ही उसका एकमात्र सहारा रह गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के बीच अपनी जगह दोबारा बनाने के बजाय सत्तारूढ़ नेकां को निशाना बनाकर वोट हासिल करने की रणनीति अपना रही है।
पूर्व सांसद आगा रुहुल्ला मेहदी के आंदोलन पर सैफुल्लाह ने कहा कि इस्तीफे के बाद उनके पास न संसद का मंच है, न पार्टी में पद और न संगठनात्मक जिम्मेदारी। ऐसे में सड़कों पर उतरना उनके लिए राजनीतिक पहचान बचाने की मजबूरी है। उन्होंने रुहुल्ला के इस्तीफे को बड़ी गलती बताया और कहा कि अब उन्हें अपनी सियासी जमीन शून्य से तैयार करनी होगी।
जेकेएसएसबी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के सवाल पर मंत्री ने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल से जुड़े इन मामलों की जांच उपराज्यपाल के अधीन पुलिस और जांच एजेंसियों का विषय है। मौजूदा सरकार को उन मामलों के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता, जो उसके सत्ता संभालने से पहले के हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में ऐसी कोई शिकायत सामने नहीं आई है।
कैबिनेट विस्तार के बाद नेकां में असंतोष की अटकलों को खारिज करते हुए सैफुल्लाह ने कहा कि कुछ विधायकों को मंत्री पद नहीं मिल सका, लेकिन नेतृत्व उनसे बातचीत कर चुका है। अनुच्छेद 370 की बहाली, राज्य के दर्जे और अलग ध्वज की मांग पर उन्होंने कहा कि पार्टी संवैधानिक दायरे में अपने वादों के लिए संघर्ष जारी रखेगी। चुनावी वादों में देरी का कारण राज्य का दर्जा बहाल न होना बताते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि फारूक अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला के वादे चरणबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे।
