पटना। बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी की चर्चा वैश्विक स्तर पर हो रही है। शिवांगी और ऋषिकेश की शादी की खबरें लंदन, सिंगापुर और फ्रांस से लेकर दुनिया भर के अखबारों में सुर्खियों में रही हैं। अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में आयोजित इस शादी समारोह को कई विदेशी अखबारों ने भी जगह दी। मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया टिप्पणियों में एक ओर जहां इस भव्य आयोजन की चर्चा रही, वहीं दूसरी ओर बिहार की गरीबी और आय की असमानता को लेकर भी तीखी बहस छिड़ गई।
शादी समारोह में लाखों की भीड़ उमड़ी। मेहमानों की भीड़, खाने के लिए उमड़ी भीड़ और बिजली के खंभों पर लोगों के चढ़ने जैसे वीडियो वायरल हुए, जिससे भीड़ प्रबंधन और अव्यवस्था पर भी सवाल उठे।
समारोह में 150 से अधिक व्यंजनों का मेन्यू, दूल्हे के साथ लग्जरी गाड़ियों का बड़ा काफिला, करीब चार लाख लोगों के लिए भोजन और कई हेलीपैड जैसी तैयारियों की खूब चर्चा रही। जयमाल रस्म के दौरान विदेशों से मंगाए गए फूलों और भव्य पंडाल की भी चर्चा हुई।
शादी के दिन अनंत सिंह के पैतृक गांव में घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी रखी गई, जिसमें बड़ी संख्या में मेहमान पहुंचे। इनमें कई फिल्मी कलाकारों के अलावा विभिन्न दलों के राजनेता भी शामिल हुए। शादी समारोह में हुए खर्च को लेकर भी सोशल मीडिया में खूब चर्चा हुई।
