नैनीताल के गोविंद बल्लभ पंत उच्च स्थलीय प्राणी उद्यान में जल्द ही सफेद बाघ और मकाओ देखने को मिल सकते हैं। चिड़ियाघर प्रबंधन पटना और देहरादून चिड़ियाघरों के साथ वन्यजीव विनिमय की कवायद में जुटा है। दोनों चिड़ियाघरों से पत्राचार हो चुका है और अब केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सीजेडए) से अनुमति का इंतजार किया जा रहा है।
जू निदेशक एवं डीएफओ आकाश गंगवार ने बताया कि पटना जू से मादा सफेद बाघ तथा देहरादून चिड़ियाघर से मकाओ के एक्सचेंज को लेकर पत्राचार किया गया है। इसके तहत पटना जू को हिमालयन काला भालू और देहरादून को चीड़ फीजेंट दिया जाएगा।
चिड़ियाघर स्तर पर आपसी पत्राचार और वार्ता हो चुकी है। दोनों पक्षों की सहमति के बाद प्रस्ताव केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण को भेजा जाएगा। वहां से अनुमति मिलने पर कुछ ही महीनों में नए जीवों को नैनीताल लाया जाएगा।
चिड़ियाघर में आयु पूरी कर चुके वन्यजीवों की संख्या घट रही है। आकर्षण बनाए रखने के लिए पहले भी नए जीवों को लाने की कोशिशें की गईं, लेकिन सफलता नहीं मिली। अब प्रबंधन ने एक बार फिर यह कवायद शुरू की है।
