पहाड़ों पर बर्फबारी का असर मैदानी राज्यों में दिख रहा है। उत्तर प्रदेश और बिहार में बुधवार को घना कोहरा छाया रहा। यूपी के 15 शहरों में विजिबिलिटी 10 मीटर तक रह गई, जबकि बरेली 11.1°C न्यूनतम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा। कोहरे के कारण एक्सप्रेस-वे पर गाड़ियों की स्पीड लिमिट घटा दी गई है। बिहार के समस्तीपुर, बेगूसराय, बगहा और सुपौल में सुबह विजिबिलिटी 100 मीटर रही। राज्य में न्यूनतम तापमान 2 से 4°C तक गिरा है और अरवल 13.4°C के साथ सबसे ठंडा जिला रहा।

राजस्थान में उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं से सर्दी बढ़ गई है। लगातार दूसरे दिन राज्य के कई शहरों में पारा 5°C तक गिर गया। सीकर के पास फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 7.4°C दर्ज किया गया, जबकि माउंट आबू में तापमान करीब 10.7°C रहा।

मध्य प्रदेश में बंगाल की खाड़ी में बने तूफान अकवान का असर दिख सकता है। IMD ने 20 और 21 नवंबर को जबलपुर, रीवा, शहडोल, नर्मदापुरम और इंदौर संभाग में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।

पहाड़ी राज्यों में भी शीतलहर का असर तेज है। उत्तराखंड के गंगोत्री में तापमान माइनस 14°C और जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में माइनस 3.4°C दर्ज किया गया। उत्तराखंड के चमोली स्थित माणा गांव में बर्फबारी से बचाने के लिए प्रशासन ने पांडवों की मूर्तियों को तिरपाल से ढक दिया है, जबकि प्रदेश के चार शहरों की हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई है।