सीहोर जिले के बुधनी में वार्ड नंबर 12 स्थित एक घर में पति, पत्नी और उनके बेटे का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान राकेश मीना (45), उनकी पत्नी राधा (40) और बेटे अश्विन (24) के रूप में हुई है। तीनों के सिर पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं। एसडीओपी रवि शर्मा के मुताबिक, शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि परिवार के सदस्यों की हत्या उस समय की गई, जब वे सो रहे थे। हालांकि, वारदात को किसने अंजाम दिया और इसके पीछे क्या वजह रही, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर एसडीओपी रवि शर्मा और थाना प्रभारी सुनील ठाकुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घर का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने मंगलवार रात सोते समय परिवार पर हमला कर उनकी हत्या कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है। परिवार के परिचितों, रिश्तेदारों और आसपास रहने वाले लोगों से भी जानकारी ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की पहचान और हत्या की वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।
घर में तीन शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे नगर में दहशत का माहौल बन गया। बुधनी में एक साथ तीन लोगों की हत्या की वारदात ने नगरवासियों को झकझोर दिया है। फिलहाल पुलिस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी है और नगरवासियों को आरोपितों की गिरफ्तारी तथा वारदात के जल्द खुलासे का इंतजार है।
