बिहार ने बुधवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में दिल्ली के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में आखिरी गेंद पर दो विकेट से जीत दर्ज की। यह तीन मैचों में बिहार की दूसरी जीत है। इस मैच में सुरज कश्यप ने टीम की कप्तानी की, जबकि पहले मैच में वैभव सूर्यवंशी कप्तान थे और उस मैच में टीम को हार मिली थी।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी बिहार को प्रशांत सिंह ने पहले ही ओवर में प्रियांश आर्या का विकेट देकर शानदार शुरुआत दिलाई। दिल्ली की ओर से यश ढुल ने 59 गेंदों में 16 चौके और सात छक्कों की मदद से 125 रन बनाए। तेजस्वी दहिया ने 25 गेंदों में 51 रन की पारी खेली। चौथे विकेट के लिए दोनों ने 47 गेंदों में 126 रन जोड़े। दिल्ली ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 224 रन बनाए। बिहार की ओर से रघुवेंद्र प्रताप सिंह ने तीन विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए बिहार को तीसरे ओवर में आशीष कुमार के रूप में पहला झटका लगा, जो 11 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद आयुष लोहारूका और बिपिन सौरभ ने दूसरे विकेट के लिए 35 गेंदों में 103 रन जोड़े। आयुष ने 22 गेंदों में 50 और सौरभ ने 19 गेंदों में 49 रन बनाए। इसके बाद टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही, लेकिन तरुण कुमार (15) और रघुवेंद्र प्रताप सिंह (25) समेत अन्य बल्लेबाजों की छोटी पारियों ने टीम को जीत के करीब पहुंचाया।

आखिरी ओवर में बिहार को पांच रन की जरूरत थी। प्रशांत सिंह ने 8 गेंदों में नाबाद 13 और मयंक कुमार ने 13 गेंदों में तीन छक्कों की मदद से नाबाद 24 रन बनाए। प्रशांत ने पांचवीं गेंद पर चौका लगाकर टीम को एक गेंद शेष रहते जीत दिला दी।