वाराणसी में विधानसभा मतदाता सूची का आलेख प्रकाशन मंगलवार को कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की ओर से प्रकाशित नई सूची में जनपद की आठ विधानसभा क्षेत्रों में कुल 27,70,269 मतदाता दर्ज किए गए हैं। यह संख्या विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के बाद जारी सूची से भी तीन लाख 83 हजार 436 कम है। एसआइआर से पहले 2025 में जनपद में कुल 31,53,705 मतदाता थे।

नई सूची में 15,04,616 पुरुष, 12,65,541 महिला और 112 तृतीय जेंडर के मतदाता शामिल हैं। इसमें 18 से 19 वर्ष के 20,625 मतदाता और 26,420 दिव्यांग मतदाता हैं। सर्वाधिक 3,88,228 मतदाता कैंट विधानसभा क्षेत्र में हैं, जबकि सबसे कम 2,72,305 मतदाता शहर दक्षिणी क्षेत्र में दर्ज हैं।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 27 अक्टूबर 2025 को एसआइआर का कार्यक्रम घोषित हुआ था। चार नवंबर से 26 दिसंबर के बीच बीएलओ ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए और उन्हें एकत्र किया। छह जनवरी 2026 को आलेख्य प्रकाशन हुआ, जिसके बाद अनुपस्थित, शिफ्टेड व मृतक सूची में शामिल 5,73,203 मतदाताओं के नाम हटाए गए और संख्या 25,80,502 रह गई। छह जनवरी से 27 फरवरी 2026 के बीच नो मैपिंग में शामिल 1,62,680 मतदाताओं और तार्किक विसंगति में शामिल एक लाख 90 हजार से अधिक मतदाताओं को नोटिस जारी हुए। जनपद में चिह्नित 118 स्थानों पर अधिकारियों ने सुनवाई की और दावे व आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम प्रकाशन हुआ।

आलेख प्रकाशन के साथ मतदाता सूची में नाम जोड़ने, काटने और संशोधन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। जिलाधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को सूची सौंपी और पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल कराने का अनुरोध किया। 21 व 22 नवंबर और 28 व 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें बीएलओ मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर दावे-आपत्तियां प्राप्त करेंगे। दावे व आपत्तियां 16 दिसंबर 2026 तक लिए जाएंगे और निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश की वेबसाइट और जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।