नवादा के अकबरपुर प्रखंड की बलिया बुजुर्ग पंचायत के वार्ड संख्या पांच और छह में सात निश्चय योजना के तहत चल रही नल-जल परियोजना पिछले एक साल से अधूरी पड़ी है। आजाद मोहल्ला बाईपास रोड में ग्रामीणों के अनुसार ठेकेदार ने करीब एक साल पहले बोरिंग करा दी थी, लेकिन इसके बाद लगभग छह महीने तक काम बंद रहा। दुर्गापूजा के आसपास पानी की टंकी के लिए स्ट्रक्चर खड़ा किया गया, लेकिन उसके बाद निर्माण कार्य फिर रुक गया। अब तक न टंकी लगी है और न ही पाइपलाइन से जलापूर्ति शुरू हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय उदासीनता और ठेकेदार की मनमानी के कारण उन्हें पानी के लिए दूसरे स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। लोगों की शिकायत है कि ठेकेदार फोन नहीं उठाते और स्थानीय स्तर पर विभागीय अभियंता की भी उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं है। ग्रामीणों ने यथाशीघ्र पेयजल आपूर्ति कराने की मांग की है।
पीएचईडी के स्थानीय जेई संजीत कुमार से इस मामले में बात की गई। उन्होंने बताया कि ठेकेदार से बातचीत हुई है और एक सप्ताह के अंदर शेष कार्य पूरा कराकर पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। अब देखना यह है कि यह आश्वासन धरातल पर उतरता है या वार्ड संख्या पांच और छह के लोगों को नल से जल मिलने के लिए और इंतजार करना पड़ता है।
