राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) ने अपनी पाठ्यपुस्तकों की खराब छपाई को लेकर मिल रही शिकायतों पर संज्ञान लिया है। परिषद ने कहा है कि खासकर स्कूलों की कुछ किताबों में पाठ धुंधला और अस्पष्ट होने की शिकायतें सामने आई हैं। एनसीईआरटी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि छपाई की गुणवत्ता से जुड़ी इस चिंता को गंभीरता से लिया जा रहा है और प्राथमिकता के आधार पर जांच की जा रही है। परिषद के मुताबिक, जिम्मेदार पाए जाने वाले किसी भी मुद्रक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एनसीईआरटी ने हर बच्चे को स्पष्ट, पढ़ने योग्य और विद्यार्थियों के अनुकूल पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

परिषद की यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के वकील विनीत जिंदल की ओर से कक्षा 10 की पाठ्यपुस्तकों में छपाई की खामियों को उजागर किए जाने के बाद हुई है। जिंदल ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा था कि उनका बेटा कक्षा 10 में पढ़ता है और उसकी एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तक देखने के बाद वह छपाई की गुणवत्ता को लेकर बहुत चिंतित हैं। उनके मुताबिक, पाठ का आकार बेहद छोटा और धुंधला है तथा छपाई भी खराब है, जिससे विद्यार्थियों को आराम से पढ़ने में कठिनाई होती है।

जिंदल ने कहा था कि एनसीईआरटी को समझना चाहिए कि इस तरह की खराब गुणवत्ता वाली पाठ्यपुस्तकों से स्कूली बच्चों की आंखों पर अनावश्यक जोर पड़ सकता है, सिरदर्द हो सकता है और स्वास्थ्य संबंधी अन्य समस्याएं भी हो सकती हैं।