नई दिल्ली: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह भारत दौरे पर हैं। दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे मुलाकात की और दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई। भारत-नेपाल संबंधों से जुड़े विषय भी बातचीत में शामिल रहे।
समाचार एजेंसी डीडी के अनुसार, नेपाली प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने दिल्ली के राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इससे पहले राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया गया। समारोह के बाद जब नेपाली प्रधानमंत्री राष्ट्रपति भवन से रवाना हुए तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें विदा किया।
इसी दौरे के दौरान उत्तर प्रदेश के अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच चलने वाली नई साप्ताहिक ट्रेन सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई जानी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह वर्चुअल माध्यम से इस सेवा का शुभारंभ करेंगे। अयोध्या जंक्शन रेलवे स्टेशन से इससे जुड़े दृश्य सामने आए हैं।
बता दें कि नेपाली प्रधानमंत्री का यह भारत दौरा दोनों देशों के बीच संबंधों को लेकर अहम माना जा रहा है। दौरे से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आने पर उन्हें अपडेट किया जाएगा।