हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) ने प्लेसमेंट में नया रिकॉर्ड बनाया है। संस्थान के अनुसार, बीटेक फाइनल ईयर के छात्र पी. कौशिक रेड्डी को 1.56 करोड़ रुपये सालाना का प्लेसमेंट ऑफर मिला है। कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) के छात्र रेड्डी 2026 बैच के हैं। यह जानकारी संस्थान के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट और ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल ने दी है। इससे पहले संस्थान में सबसे बड़ा पैकेज 1.5 करोड़ रुपये सालाना का था, जिसे अब 1.56 करोड़ रुपये के ऑफर ने पीछे छोड़ दिया है।

संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर 2025-26 के प्लेसमेंट आंकड़ों के मुताबिक, बीटेक के 913 छात्रों में से 776 को प्लेसमेंट मिला, यानी प्लेसमेंट प्रतिशत 84.99 रहा। कुल 906 प्लेसमेंट ऑफर दिए गए। बीटेक का औसत पैकेज 11 लाख रुपये सालाना और मीडियन पैकेज 8 लाख रुपये सालाना दर्ज किया गया।

प्लेसमेंट केवल कंप्यूटर इंजीनियरिंग तक सीमित नहीं रहा। मैकेनिकल इंजीनियरिंग में 99.12 प्रतिशत और प्रोडक्शन एंड इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में 94.23 प्रतिशत छात्रों को प्लेसमेंट मिला। हालांकि, सबसे बड़ा पैकेज कंप्यूटर इंजीनियरिंग ब्रांच में गया।

NIT कुरुक्षेत्र में बीटेक में दाखिले के लिए उम्मीदवार को JEE मेन परीक्षा पास करनी होती है। एडमिशन JEE मेन स्कोर के आधार पर JoSAA काउंसलिंग के जरिए होता है, जिसमें रैंक, कैटेगरी, उपलब्ध सीट और उम्मीदवार की चॉइस के आधार पर सीट आवंटित की जाती है। JoSAA के बाद खाली सीटों के लिए CSAB स्पेशल राउंड भी आयोजित किए जा सकते हैं।