नोएडा के सेक्टर-82 स्थित ग्रीन व्यू अपार्टमेंट में शुक्रवार शाम एक 6 साल का बच्चा चौथी मंजिल की बालकनी से नीचे गिर गया। बच्चा सीधे जमीन पर नहीं गिरा, बल्कि दूसरी मंजिल के एक फ्लैट की सीमेंट की छत पर जा गिरा। सोसाइटी के निवासियों के अनुसार, बच्चा दूसरी मंजिल के 4D फ्लैट की बालकनी पर खड़ा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे स्थित 4A फ्लैट की सीमेंट से बनी छत पर जा गिरा।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि बच्चा खुद उठकर नीचे आने की कोशिश कर रहा था। ऊंचाई से गिरने के बावजूद जांच-परख में पता चला कि बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है और उसे किसी तरह की चोट नहीं आई है। यह पूरी घटना अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद हादसे और बच्चे के सुरक्षित बचने की चर्चा हो रही है।
सोसाइटी के निवासियों ने बताया कि बच्चे की घरेलू परिस्थिति काफी नाजुक है। वह अपनी मां से अलग रहता है, जबकि उसके पिता कमाई के लिए विदेश में नौकरी करते हैं। छह साल का यह बच्चा अपनी दादी के साथ रहता है और घटना के समय दादी किसी काम से बाजार गई हुई थीं।
इस हादसे के बाद सोसाइटी के लोगों ने छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है।
