मेदिनीनगर (पलामू) में शुक्रवार देर रात करीब साढ़े ग्यारह बजे बिसफुट्टा पुल के पास एक बाराती कार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग तिलक समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे।
मृतक की पहचान विश्रामपुर थाना क्षेत्र के बघमनवा गांव निवासी सरजू पाल के 35 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र पाल के रूप में हुई है। स्वजनों के अनुसार, कार सवार सभी छह लोग शुक्रवार रात नावाबाजार थाना क्षेत्र के रबदा गांव से सतबरवा थाना क्षेत्र के पोलपोल गांव में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह से लौटने के दौरान बिसफुट्टा पुल के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे में सभी छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर स्वजन मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने धर्मेंद्र पाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पांच अन्य घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
