सर्दी के मौसम और धुंध की आशंका को देखते हुए पठानकोट जिले के सीमावर्ती इलाकों में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। पुलिस और बीएसएफ मिलकर सीमा क्षेत्र में विशेष सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं, ताकि धुंध की आड़ में कोई असामाजिक तत्व अपनी गतिविधियों को अंजाम न दे सके। सेकंड लाइन ऑफ डिफेंस पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और हर पुलिस नाके पर तैनात कर्मचारियों को सतर्कता और सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

यह क्षेत्र सुरक्षा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील है, क्योंकि एक ओर यह भारत-पाकिस्तान सीमा से सटा है, वहीं जिले के इस हिस्से की सीमा जम्मू-कश्मीर से भी लगती है। जिला पुलिस प्रमुख मनप्रीत सिंह के दिशा-निर्देशों पर थाना नरोट जैमल सिंह के प्रभारी दलजीत सिंह के नेतृत्व में सीमावर्ती क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस नाकों पर दिन और रात दोनों समय जांच-पड़ताल की जा रही है और अधिकारी समय-समय पर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा भी ले रहे हैं।

दलजीत सिंह ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देशों पर सुरक्षा प्रबंध मजबूत किए जा रहे हैं, क्योंकि सर्दी का मौसम शुरू हो चुका है और ऐसे मौसम में असामाजिक गतिविधियों की आशंका बनी रहती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं कोई संदिग्ध या गलत गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

सर्दी में सीमावर्ती क्षेत्रों में धुंध पड़ने से कम दृश्यता के चलते सीमा और संपर्क मार्गों पर निगरानी रखना सुरक्षा एजेंसियों के लिए अधिक चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ऐसे में भारत-पाकिस्तान सीमा और जम्मू-कश्मीर से सटे क्षेत्रों में अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाने में स्थानीय लोगों की भूमिका भी अहम है, क्योंकि जागरूकता और सतर्कता से सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा को और मजबूत किया जा सकता है।