ऑपरेशन सिंदूर के बाद ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल में दुनिया भर की दिलचस्पी बढ़ी है। फिलीपींस भारत के साथ एक बड़ी रक्षा डील को लेकर बातचीत कर रहा है, जिसमें ब्रह्मोस के अलावा आकाश एयर डिफेंस सिस्टम, पिनाका रॉकेट लॉन्चर, हेलीकॉप्टर और अंतरिक्ष सहयोग शामिल हैं।
फर्स्टपोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, फिलीपींस अपनी सेना के लिए ब्रह्मोस मिसाइल सिस्टम की कम से कम 6 अतिरिक्त बैटरी खरीदने पर विचार कर रहा है। इसके अलावा वह भारत से आकाश एयर डिफेंस सिस्टम की 5 से अधिक रेजिमेंट और पिनाका रॉकेट लॉन्चर खरीदने की भी योजना बना रहा है। फिलीपींस के रक्षा अधिकारियों को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान आकाश सिस्टम के प्रदर्शन और उसे दूसरे एयर डिफेंस सिस्टम के साथ जोड़ने की जानकारी दी गई है। माना जा रहा है कि फिलीपींस वायुसेना लंबी दूरी तक मार करने वाले एयर डिफेंस सिस्टम में ज्यादा दिलचस्पी दिखा रही है।
जानकारी के मुताबिक, भारत ने फिलीपींस को उसकी नौसेना के युद्धपोतों पर ब्रह्मोस मिसाइल लगाने का प्रस्ताव दिया है। यह प्रस्ताव इसलिए अहम है, क्योंकि फिलीपींस ने जमीन से मिसाइल दागने वाले लॉन्चर के भारी वजन को लेकर चिंता जताई है, क्योंकि देश के कई इलाकों में पहाड़ और ऊबड़-खाबड़ रास्ते हैं और सड़कों की हालत भी अच्छी नहीं है। हालांकि, फिलीपींस ने इस पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है, क्योंकि उसकी नौसेना के युद्धपोतों में पहले से अमेरिका और दूसरे देशों के हथियार और उपकरण लगे हैं, जिनमें ब्रह्मोस को जोड़ने से पहले बदलाव करने होंगे।
बातचीत में एक बड़ा मुद्दा भुगतान और पैसे के इंतजाम का तरीका भी है। जानकारी के मुताबिक, फिलीपींस इन हथियारों की भारी लागत को देखते हुए भुगतान की शर्तों में कुछ छूट चाहता है और उसे आसान भुगतान व्यवस्था चाहिए। फिलीपींस में रक्षा सौदों के लिए विदेशों से कर्ज लेने पर कुछ पाबंदियां हैं, इसलिए भारत की ओर से दी जाने वाली लाइन ऑफ क्रेडिट के इस्तेमाल का सवाल भी चर्चा में है।
