प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुपर्व की पूर्व संध्या पर मंगलवार को दिल्ली स्थित लोकनिवास पहुंचे। यहां उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू की ओर से गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर शबद कीर्तन का आयोजन किया गया था। पीएम मोदी ने इस विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लिया और गुरुवाणी का श्रवण किया। कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू समेत कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। आयोजन के दौरान पूरे परिसर में आध्यात्मिक और भक्तिमय वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर पीएम मोदी ने देशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस पवित्र माहौल में गुरु नानक जी के सामने शीश झुकाकर उन्हें बेहद संतोष और श्रद्धा का अनुभव हो रहा है। पीएम मोदी ने गुरुपर्व के पावन आयोजन में शबद कीर्तन में शामिल होने का अवसर देने के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू का हृदय से आभार जताया।
गौरतलब है कि गुरु नानक देव सिख धर्म के संस्थापक और पहले गुरु थे। उनका प्रकाश पर्व उनके जन्मदिवस के अवसर पर मनाया जाता है। इस दिन गुरुद्वारों में विशेष कीर्तन, अरदास और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। शबद कीर्तन में गुरु नानक देव की वाणी और शिक्षाओं का गायन किया जाता है और उनके समानता, सेवा, प्रेम और मानवता के संदेश को याद किया जाता है।
बताया गया है कि पीएम मोदी पहली बार दिल्ली के उपराज्यपाल आवास पहुंचे थे। लोकनिवास में पहली बार इस तरह के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की भागीदारी चर्चा का विषय रही।