एडीजी जोन नवीन अरोरा के निर्देश पर पूर्वांचल के नौ जिलों में सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत चलाए जा रहे अभियान में अब तक 8,557 वाहनों का चालान किया गया है। इनसे 56 लाख 62 हजार 567 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं और मृतकों की संख्या में कमी लाने तथा लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए 30 नवंबर तक चलेगा।

अभियान जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, मीरजापुर, सोनभद्र, भदोही, आजमगढ़, बलिया और मऊ जिलों में चलाया जा रहा है। एडीजी के अनुसार स्टंट ड्राइविंग के विरुद्ध 5,561 वाहनों की चेकिंग की गई, जिनमें 225 का चालान किया गया। ओवरस्पीडिंग में 2,193 वाहनों का चालान किया गया, जबकि वाहन चलाते समय मोबाइल प्रयोग पर 1,137 वाहनों का चालान और रील बनाने वाले 20 युवकों पर कार्रवाई की गई।

बिना हेलमेट 4,660 वाहनों का चालान कर 29,81,000 रुपये वसूला गया और बिना सीट बेल्ट के 322 वाहनों से 85,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा तीन अवैध बस स्टैंड, 10 अवैध टैक्सी स्टैंड और 31 अवैध ई-रिक्शा स्टैंड चिह्नित कर हटाए गए। 14,039 युवाओं को सुरक्षित वाहन चलाने के लिए जागरूक किया गया।

एडीजी ने कहा कि बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं एवं मृतकों की संख्या में कमी लाने के लिए लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। यह अभियान 30 नवंबर तक चलेगा।