कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को महाराष्ट्र के एलीफेंटा गुफाओं में बनी अर्धनारीश्वर की मूर्ति की तस्वीर साझा की। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि यह आकृति करीब 1500 साल पुरानी है। राहुल ने कहा कि भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को जितना गहराई से समझ रहे हैं, यह बात उतनी ही स्पष्ट होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुष वर्चस्ववादी हैं और उन्हें हमारी आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की समझ नहीं है। पिछले छह दिनों में राहुल का यह दूसरा पोस्ट है। इससे पहले 17 नवंबर को उन्होंने 12वीं सदी की शिव-पार्वती की तस्वीर पोस्ट की थी, जिसमें पार्वती भगवान शिव की गोद में बैठी नजर आ रही थीं।

राहुल गांधी ने 17 नवंबर को 'खाना खाते वक्त मां पापा की गोद में बैठती थीं' वाले किस्से पर ट्रोल होने के बाद शिव-पार्वती की तस्वीर शेयर की थी। उन्होंने लिखा था कि डर, क्रोध और नफरत ने भाजपा और आरएसएस समर्थकों के दिलों में एक ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम को महसूस करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है।

राहुल की पोस्ट के जवाब में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि साधारण मनुष्यों को शिव और पार्वती के रूप में दिखाना भक्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा अहंकार है, जो इतना बढ़ गया है कि व्यक्ति खुद को ही दिव्य मानने लगा है। सरमा ने कहा कि किसी व्यक्ति का पतन तब तेजी से शुरू हो जाता है, जब वह ईश्वर के सामने नतमस्तक होने के बजाय स्वयं को ही ईश्वर की तरह पेश करने लगता है। राहुल की पोस्ट में सोनिया और राजीव गांधी की फोटो भी थी।