हरिद्वार में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक के समापन सत्र को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने यह विश्वास जताया कि दुनिया की कोई ताकत पार्टी को तीसरी बार सरकार बनाने से नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कमल कमाल कर रहा है।
प्रेम नगर आश्रम में आयोजित इस बैठक में राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड आने पर उनका पहला भाव शांति, दूसरा प्रसन्नता, तीसरा उपलब्धि और संतोष तथा चौथा विश्वास का रहा। उन्होंने कहा कि आज संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीढ़ बताते हुए कहा कि ग्राउंड जीरो पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं के नारे भी लगने चाहिए। उन्होंने वरिष्ठ कार्यकर्ता ईश्वर चंद सैनी के समर्थन में कार्यकर्ताओं से नारे लगवाए।
रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा ने सत्ता के लिए अपने सिद्धांतों और विचारों से समझौता नहीं किया है। उन्होंने कहा कि मंत्री पद शक्ति की कुर्सी नहीं बल्कि सेवा की कुर्सी है और भाजपा का बल संगठन है। उन्होंने कहा कि किसी पर व्यक्तिगत हमला नहीं करना चाहिए, मुद्दों की राजनीति करनी चाहिए।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि देश की जनता जागरूक है और वह जानती है कि सत्ता किसके हाथ में देनी है और किसे बाहर रखना है।
