कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भारत की अर्थव्यवस्था और शिक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई। लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि भारत आर्थिक तबाही के कगार पर खड़ा है और बेरोजगारी तथा शिक्षा व्यवस्था में बड़ी समस्याएं हैं।
राहुल गांधी अमेरिका की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा, 'सीधी बात यह है कि भारत एक आर्थिक तबाही की कगार पर खड़ा है। यही हकीकत है। कोई इसे नजरअंदाज कर सकता है, मीडिया इसे नजरअंदाज कर सकता है, लेकिन भारत में बेरोजगारी की एक बहुत बड़ी समस्या है। भारत की शिक्षा व्यवस्था में भी एक बहुत बड़ी समस्या है।'
भारत के युवाओं की स्थिति पर पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि मौजूदा हालात से सबसे ज्यादा निराश युवाओं का एक बड़ा तबका है, जो मिडिल क्लास परिवार से आता है। इन युवाओं ने औपचारिक शिक्षा तो पूरी कर ली है, लेकिन अब वे अपने भविष्य को लेकर तेजी से हताश हो रहे हैं।
राहुल गांधी के मुताबिक उनकी पार्टी इस स्थिति का अध्ययन कर रही है और इसे गहराई से समझने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि इसकी मुख्य वजह यह है कि इन पढ़े-लिखे युवाओं को अपने सामने कोई सुरक्षित भविष्य नजर नहीं आ रहा है।
