कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अमेरिका में इजरायल को लेकर दिए गए बयान पर सियासी घमासान मचा है। पिछले सप्ताह शिकागो विश्वविद्यालय में एक इंटरव्यू के दौरान राहुल गांधी ने इजरायल के साथ मजबूत संबंधों का समर्थन किया था। उन्होंने कहा था कि भारत की विदेश नीति इस बात पर निर्भर होनी चाहिए कि भारत के लिए क्या अच्छा है और हमारे कुछ रणनीतिक हित हैं, हम इजरायल से हथियार भी खरीदते हैं। साथ ही उन्होंने 7 अक्टूबर के हमलों और गाजा में इजरायल की कार्रवाई की भी निंदा की थी और कहा था कि एक गलत दूसरे गलत को सही नहीं ठहरा सकता। राहुल गांधी ने प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ बातचीत के कुछ हिस्से अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर किए थे।

इस बयान पर इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों ने सार्वजनिक आलोचना की है। सीपीआई (एम) नेता और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि गांधी की टिप्पणियां फिलिस्तीन पर कांग्रेस के पाखंड को उजागर करती हैं। उन्होंने कहा कि गाजा में नरसंहार के समय इजरायल के साथ मजबूत संबंधों और हथियार खरीदने की वकालत करना माफी लायक नहीं है। सीपीआई (एमएल) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने भी बयान पर नाराजगी जताई।

गौरतलब है कि इजरायल के मुद्दे पर प्रियंका गांधी वाड्रा और सोनिया गांधी के रुख को राहुल गांधी के बयान से अलग बताया जा रहा है। प्रियंका गांधी ने इजरायली सरकार पर नरसंहार का आरोप लगाया था, जबकि सोनिया गांधी ने एक लेख में गाजा में इजरायल के नरसंहार के खिलाफ मोदी सरकार की चुप्पी को स्वीकार नहीं किए जाने की बात लिखी थी।