राजस्थान में हाल में संपन्न पंचायत राज चुनावों में कांग्रेस को उल्लेखनीय सफलता मिली है। जिला परिषद की 1,271 सीटों में से कांग्रेस ने 794 और पंचायत समिति की 7,520 सीटों में से 3,758 सीटें जीतीं। भाजपा को जिला परिषद की 357 और पंचायत समिति की 2,213 सीटों पर जीत मिली। इस नतीजे से इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों में खुशी है। उनका मानना है कि गांवों में भाजपा की लोकप्रियता घट रही है, इसलिए लोग कांग्रेस और इंडिया गठबंधन को चुन रहे हैं।
शिवसेना (यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे ने राजस्थान के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नगर निगम, पंचायत और जिला परिषद चुनावों में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन को शानदार जीत मिली है। उन्होंने कहा कि कई चुनावों में अब बैलेट पेपर का इस्तेमाल नहीं हो रहा है, फिर भी जिन इलाकों में बैलेट पेपर का उपयोग नहीं हुआ, वहां भी कांग्रेस ने अच्छी जीत दर्ज की। उनके अनुसार यह देश के मौजूदा हालात को दर्शाता है।
आदित्य ठाकरे ने भाजपा पर आरोप लगाया कि हिंदुत्व की बात करने वाली पार्टी ने राम मंदिर में चंदा चोरी की है और उनके लोगों ने चंदा चोरी की है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा भारत-पाकिस्तान की बात करती है, जबकि राहुल गांधी ने पाकिस्तान को लेकर सख्त रुख अपनाया है, लेकिन दिल्ली में पाकिस्तान के मंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठे हुए हैं।
ठाकरे ने कहा कि भाजपा अब कमजोर नजर आ रही है और भाजपा का विकल्प भारत में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन है। उन्होंने दावा किया कि सत्तारूढ़ दल का नकाब उतर चुका है और उनका असली चेहरा देश के सामने आ चुका है।
