साउथ सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत आज अपनी फिल्मों से करोड़ों की कमाई करते हैं, लेकिन एक दौर ऐसा भी था जब उन्हें फिल्मों के लिए केवल हजारों में फीस मिलती थी। ऐसा ही किस्सा उनकी फिल्म 'मूंद्रु मुदिचु' का है। इस फिल्म के लिए उन्हें महज ₹2,000 फीस मिली थी। दिलचस्प बात यह है कि जिस फिल्म के लिए उन्हें इतनी कम रकम मिली, उसने बॉक्स ऑफिस पर करीब ₹3 करोड़ की कमाई की थी।

के. बालचंदर के निर्देशन में बनी यह फिल्म 1976 में रिलीज हुई थी। इसमें रजनीकांत के साथ कमल हासन और श्रीदेवी ने काम किया था। तीनों कलाकारों ने इस फिल्म में अहम भूमिकाएं निभाई थीं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, ₹10 लाख के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में लगभग ₹3 करोड़ की कमाई की थी। इसके करीब पांच दशक बाद रजनीकांत और कमल हासन एक बार फिर 'KHxRK' के लिए साथ आने वाले हैं।

सुपरस्टार बनने से पहले रजनीकांत के शुरुआती साल

रजनीकांत ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआती साल 1975 में के. बालचंदर की फिल्म 'अपूर्वा रागांगल' से की थी। इस फिल्म में कमल हासन मुख्य भूमिका में थे, जबकि रजनीकांत सपोर्टिंग रोल में नजर आए थे। फिल्म की सफलता ने रजनीकांत को तमिल फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने का मौका दिया। इसके अगले साल यानी 1976 में वह 'मूंद्रु मुदिचु' में नजर आए। इस फिल्म में उन्होंने कमल हासन और श्रीदेवी के साथ काम किया। यह उनके शुरुआती करियर की अहम फिल्मों में शामिल हो गई। फिल्म में रजनीकांत के अंदाज और स्क्रीन प्रेजेंस को दर्शकों ने पसंद किया। आगे चलकर उनका यही अंदाज उनकी पहचान बना।

श्रीदेवी ने बताया था, तीनों कलाकारों को कितनी मिली थी फीस

'कौन बनेगा करोड़पति' के एक पुराने एपिसोड में श्रीदेवी ने फिल्म 'मूंद्रु मुदिचु' से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया था। उस एपिसोड को एक्टर प्रकाश राज होस्ट कर रहे थे। बातचीत के दौरान श्रीदेवी ने बताया कि फिल्म में काम करने के समय कमल हासन पहले से ही एक स्थापित एक्टर थे, जबकि वह और रजनीकांत अपने करियर की शुरुआत कर रहे थे। श्रीदेवी ने कहा, 'उस फिल्म में कमल हासन पहले से ही एक स्थापित एक्टर थे, जबकि रजनी सर और मैं, हम दोनों ही नए कलाकार थे।' इसके बाद उन्होंने तीनों कलाकारों की फीस का खुलासा करते हुए कहा, 'कमल हासन सर को ₹30,000, मुझे ₹5,000 और रजनीकांत सर को ₹2,000 मिले थे।'

13 साल की उम्र में श्रीदेवी ने निभाया था 18 साल की लड़की का किरदार

'मूंद्रु मुदिचु' साल 1976 में रिलीज हुई एक रोमांटिक थ्रिलर फिल्म थी। इसकी कहानी सेल्वी नाम की 18 साल की लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है। उससे उसके दो रूममेट्स बालाजी और प्रसथ प्यार करते हैं। बालाजी की मौत के बाद सेल्वी प्रसथ के पिता से शादी कर लेती है, जिसके बाद कहानी ने नया मोड़ आता है। जिस समय श्रीदेवी ने फिल्म में 18 साल की सेल्वी का किरदार निभाया तब वह महज 13 साल की थीं। यह फिल्म उनके करियर के लिए भी अहम साबित हुई।

रजनीकांत के सिगरेट उछालने के अंदाज ने बनाई अलग पहचान

'मूंद्रु मुदिचु' में रजनीकांत की एक्टिंग के साथ-साथ उनका सिगरेट उछालने का अंदाज भी काफी चर्चा में रहा। आगे चलकर यह उनका सिग्नेचर स्टाइल बन गया और पर्दे पर उनकी अलग पहचान का हिस्सा बना। फिल्म ने रजनीकांत को एक कलाकार के तौर पर पहचान बनाने में मदद की।

करीब पांच दशक बाद फिर साथ नजर आएंगे रजनीकांत और कमल हासन

'मूंद्रु मुदिचु' में साथ काम करने के लगभग पांच दशक बाद रजनीकांत और कमल हासन एक बार फिर एक प्रोजेक्ट में साथ नजर आने वाले हैं। इस फिल्म का अस्थायी नाम 'KHxRK' रखा गया है और इसका निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार करेंगे। दोनों दिग्गज कलाकारों को एक बार फिर साथ देखने के लिए उनके प्रशंसक उत्साहित हैं।