रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश अभिनीत फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' को लेकर छिड़ा विवाद अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। फिल्म पर महर्षि वाल्मीकि की रामायण के मूल तथ्यों से छेड़छाड़ और भ्रामक प्रचार के जरिए दर्शकों के साथ धोखाधड़ी का आरोप है। इस संबंध में दायर जनहित याचिका पर तत्काल सुनवाई की मांग की गई थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इससे इनकार कर दिया। सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि फिल्म पहले ही रिलीज हो चुकी है और जो इसे देखना चाहते थे, वे देख चुके हैं। याचिकाकर्ता के वकील ने फिल्म में कई तथ्यों को गलत तरीके से दिखाए जाने की दलील दी। इस पर जस्टिस बागची ने कहा कि फिल्म निर्माताओं ने महाकाव्य को अपनी समझ के अनुसार पेश किया है और अगर याचिकाकर्ता की रामायण को लेकर अलग समझ है तो वे भी इस पर फिल्म बना सकते हैं। अदालत ने कहा कि कोर्ट का समय बर्बाद नहीं किया जाना चाहिए।
यह जनहित याचिका रायपुर के अधिवक्ता मनोज सिंह ठाकुर ने 19 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की थी। याचिका में फिल्म के निर्माताओं के साथ-साथ केंद्र सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) को भी प्रतिवादी बनाया गया है। इसमें प्राइम फोकस स्टूडियोज, मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स, निर्माता नमित मल्होत्रा और यश, निर्देशक नितेश तिवारी तथा लेखक श्रीधर राघवन और श्रेयस जैन के नाम शामिल हैं। याचिकाकर्ता का आरोप है कि फिल्म का प्रचार महर्षि वाल्मीकि की रामायण पर आधारित बताकर किया गया, जबकि फिल्म में दिखाई गई कुछ बातें मूल ग्रंथ के तथ्यों से अलग हैं। उनका कहना है कि इस विवाद को केवल धार्मिक भावनाओं से नहीं जोड़ा जाना चाहिए, बल्कि इसे कथित व्यावसायिक धोखाधड़ी के मामले के रूप में भी देखा जाना चाहिए।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण: पार्ट 1' में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में हैं। फिल्म 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इससे पहले 22 नवंबर को गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में फिल्म को ब्रिक्स फिल्म खंड की उद्घाटन फिल्म के रूप में भी प्रदर्शित किया गया था।
इस बीच, फिल्म को लेकर मुंबई के मुलुंड पुलिस थाने में भी शिकायत दर्ज कराई गई है। हिंदू जनजागृति समिति के प्रवक्ता सतीश कोचरेकर ने यह शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी के खिलाफ आरोप लगाया गया है कि फिल्म में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर मूल वाल्मीकि रामायण का विकृतिकरण किया गया है, जिससे करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत किया गया है। शिकायत में प्रभु श्रीराम का अपमान और रावण का महिमामंडन करने का आरोप भी लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि रामायण केवल मनोरंजन का विषय नहीं, बल्कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था और जीवन मूल्यों का आधार है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फिल्म में प्रभु श्री राम और लक्ष्मण को भयभीत होकर पीछे हटते दिखाया गया, जबकि निशस्त्र रावण को अकेले विशाल सेना के सामने लड़ते हुए दिखाया गया। शूर्पणखा की नाक काटे जाने के प्रसंग पर भी आपत्ति जताई गई है। शिकायत में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 299 और धारा 196 के तहत जांच कर मामला दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
