कथित महाठग सुकेश चंद्रशेखर पर बन रही ट्रू-क्राइम डॉक्यूमेंट्री 'लव स्कैम और धोखा: द सुकेश चंद्रशेखर स्टोरी' को लेकर उनके वकील ने नेटफ्लिक्स और अन्य पक्षों को कानूनी नोटिस भेजा है। नेटफ्लिक्स ने गुरुवार को बताया कि यह डॉक्यूमेंट्री 18 दिसंबर से स्ट्रीम की जाएगी। वकील अनंत मलिक की ओर से जारी नोटिस में रिलीज को फिलहाल टालने की मांग की गई है। यह नोटिस नेटफ्लिक्स एंटरटेनमेंट सर्विसेज इंडिया एलएलपी, नेटफ्लिक्स इंक, इंडिया टुडे ग्रुप और डॉक्यूमेंट्री के डायरेक्टर-प्रड्यूसर को भेजा गया है।
नोटिस में कहा गया है कि जिन आपराधिक मुकदमों की कहानी फिल्म दिखाने का दावा करती है, उनमें अभियोजन पक्ष की गवाही पूरी होने तक रिलीज टाली जाए। इसमें जवाब के लिए 72 घंटे का समय दिया गया है। नोटिस के मुताबिक, कथित 200 करोड़ रुपये की जबरन वसूली और तिहाड़ जेल के अंदर की कथित घटनाएं मुकदमे का हिस्सा हैं। राउज एवेन्यू कोर्ट की विशेष अदालत (MCOCA) में सत्र वाद संख्या 137/2026 और धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत मुकदमा चल रहा है, जिनमें अभी अभियोजन पक्ष के गवाहों के बयान दर्ज हो रहे हैं। मकोका मामले में अगली सुनवाई 30 नवंबर 2026 को है।
वकील का कहना है कि विवादित घटनाओं का केवल एक पहलू दिखाने वाली यह फिल्म बिना शपथ और बिना जिरह किए गए इंटरव्यू पर आधारित है, और इससे गवाहों के अदालत में गवाही देने से पहले ही निष्पक्ष सुनवाई प्रभावित हो सकती है। नोटिस में पूछा गया है कि क्या फिल्म में अभियोजन पक्ष के किसी गवाह, जांच अधिकारी या वर्तमान व पूर्व जेल अधिकारी को दिखाया गया है, और क्या किसी जांच एजेंसी या जेल प्रशासन से मामले से जुड़ा दस्तावेज हासिल किया गया है। इसमें यह भी कहा गया है कि फिल्म की कहानी मीडिया रिपोर्टों और इंटरनेट पर मौजूद अपुष्ट सामग्री से ली गई है, जिनकी किसी अदालत में जांच नहीं हुई है।
नोटिस के मुताबिक, सुकेश चंद्रशेखर न्यायिक हिरासत में हैं और फिल्म निर्माताओं ने न तो उनसे संपर्क किया और न ही वे इस फिल्म का हिस्सा हैं। उन्होंने सभी लंबित मुकदमों में खुद को निर्दोष बताया है। नोटिस में दावा किया गया है कि 20 अगस्त 2026 की एक सजा (जिसके खिलाफ अपील लंबित है) को छोड़कर उन्हें इनमें से किसी भी मामले में दोषी नहीं ठहराया गया है। वकील ने रिलीज से पहले फिल्म की पूरी प्री-रिलीज स्क्रीनिंग, फिल्म में दिखाए गए लोगों के नाम और इस्तेमाल की गई आधिकारिक सामग्री के स्रोत का खुलासा, तथा चंद्रशेखर को 'ठग' या विचाराधीन अपराधों का दोषी बताने वाले प्रचार अभियानों को वापस लेने की मांग की है। 27 नवंबर 2026 को सूचना एवं प्रसारण मंत्री और सचिव तथा केंद्रीय गृह मंत्री और गृह सचिव को अभ्यावेदन भेजकर रिलीज से पहले फिल्म की जांच की मांग की गई है। सुकेश चंद्रशेखर फिल्म की रिलीज पर रोक और जनता को दिखाने से पहले अदालत द्वारा फिल्म देखे जाने का निर्देश देने के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का रुख कर रहे हैं।
