राजकोट की रहने वाली 26 वर्षीय डॉली वडालिया (पहले बराई) को शादी के बाद पता चला कि वह किसी भी देश की नागरिक नहीं हैं। वह एक डायटीशियन हैं और उनकी शादी जुलाई 2023 में खिलन वडालिया से हुई, जो कनाडा के कैलगरी में काम करते हैं। पति के साथ कनाडा जाने के लिए पासपोर्ट बनवाने पर पता चला कि उनके पास भारतीय नागरिकता का प्रमाण नहीं है।
डॉली के पिता केतन बराई 1995 में मोज़ाम्बिक गए थे और वहां शाई-शाई शहर में किराने की दुकान चलाते थे। फरवरी 2000 में डॉली का जन्म मोज़ाम्बिक में हुआ और वहां की सरकार ने जन्म प्रमाणपत्र भी जारी किया। जन्म के कुछ दिन बाद आए तूफान और बाढ़ में परिवार का सब कुछ नष्ट हो गया। परिवार का कहना है कि भारतीय कॉन्सुलेट के इमरजेंसी सर्टिफिकेट के आधार पर वे 14 मार्च 2000 को डॉली को लेकर भारत लौट आए और फिर कभी मोज़ाम्बिक नहीं गए।
राजकोट में डॉली की पढ़ाई पूरी हुई और उन्हें आधार, मतदाता पहचान पत्र और पैन कार्ड भी जारी हुआ। सितंबर 2023 में पासपोर्ट के लिए आवेदन किया गया, लेकिन अधिकारियों ने मोज़ाम्बिक का जन्म प्रमाणपत्र मान्य नहीं माना। मार्च 2025 में प्रमाणित दस्तावेज़ों के साथ फिर आवेदन किया गया, पर आवेदन स्वीकार नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने गुजरात हाई कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया, लेकिन वहां से भी राहत नहीं मिली।
शादी के तीन साल बाद भी पति कनाडा में और पत्नी राजकोट में रह रहे थे। अब स्थानीय नेताओं के केंद्र सरकार के सामने मामला उठाने के बाद डॉली को उम्मीद की किरण दिखाई दी है।
