लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के 'समझौता करने वाले पीएम' वाले बयान पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को तीखी प्रतिक्रिया दी है। रिजिजू ने कांग्रेस से 1962 के युद्ध, गरीबी और देश की आर्थिक स्थिति से जुड़े चार सवालों के जवाब देने की चुनौती दी है। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या कांग्रेस 1962 के उस अपमान के लिए माफी मांगेगी, जिसका जिक्र उन्होंने अपने गांव पर चीन के कब्जे के संदर्भ में किया।
एक्स पर एक पोस्ट में रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस को चार सवालों के जवाब देने चाहिए। उन्होंने लिखा कि 1962 में चीन ने उनके गांव पर कब्जा कर लिया था और पूछा कि क्या कांग्रेस उस अपमान के लिए माफी मांगेगी। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि कांग्रेस ने भारत को गरीब देश क्यों बनाए रखा, भारत को सपेरों का देश क्यों कहा जाता था और देश की अर्थव्यवस्था को हिंदू रेट ऑफ ग्रोथ कहकर अपमानित क्यों किया गया।
रिजिजू की यह प्रतिक्रिया राहुल गांधी के उस बयान के एक दिन बाद आई है, जिसमें उन्होंने चीन में हुए एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (APEC) शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की त्रिपक्षीय बैठक को लेकर प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना की थी। बैठक की तस्वीर साझा करते हुए राहुल ने लिखा था कि अगर कांग्रेस सत्ता में होती तो इस मेज पर भारत के प्रधानमंत्री बैठे होते और एक समझौता करने वाला प्रधानमंत्री कभी इस मेज पर नहीं बैठ सकता।
शुक्रवार को राहुल की 'साइड प्लेयर' वाली टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए रिजिजू ने उनसे आग्रह किया था कि वे देश के भीतर या बाहर कहीं भी भारत के खिलाफ बयान न दें। मंत्री ने पत्रकारों से कहा था कि उन्होंने राहुल की बात नहीं सुनी है, लेकिन वे उनसे यही कहना चाहेंगे। बीजेपी ने भी राहुल की टिप्पणियों की आलोचना की और पार्टी नेताओं ने उन पर भारत की अंतरराष्ट्रीय साख को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। राहुल ने बुधवार को शिकागो विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय मामलों में भारत की भूमिका पर सवाल उठाते हुए देश को साइड प्लेयर बताया था।
