अमेरिका में राहुल गांधी के 'कम्प्रोमाइज्ड PM' वाले तंज पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने नाराजगी जताई है। उन्होंने राहुल गांधी से 4 सवाल पूछे हैं। रिजिजू ने 1962 के भारत-चीन युद्ध, गरीबी और भारत की पुरानी आर्थिक स्थिति को लेकर कांग्रेस से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि राहुल भारत की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने यह बात राहुल के शुक्रवार को दिए उस बयान के बाद कही, जिसमें उन्होंने APEC समिट के दौरान डोनाल्ड ट्रम्प, शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन की एक फोटो शेयर कर मोदी पर निशाना साधा था। इसमें लिखा था, 'अगर कांग्रेस सत्ता में होती, तो भारत के प्रधानमंत्री इस टेबल पर बैठे होते। एक कम्प्रोमाइज्ड PM कभी इस टेबल पर नहीं बैठ सकता।'
राहुल के बयान पर BJP के राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष ने भी कांग्रेस शासन के दौरान भारत की UNSC और दूसरे बड़े वैश्विक मंचों पर गैरमौजूदगी पर सवाल किया। संतोष ने कहा, '1947 से 1977, 1980 से 1989, 1991 से 1996 और 2004 से 2014 तक उनकी पार्टी सत्ता में थी। कई बार उसके पास भारी बहुमत भी था। UNSC सहित किस बड़े मंच पर भारत बैठा था।'
इससे पहले 20 नवंबर को राहुल गांधी ने X पर लिखा था कि नोटबंदी और GST ने छोटे व्यापारियों को बर्बाद कर दिया। जो बड़ी कंपनियां ईमानदारी से प्रतिस्पर्धा करती थीं, उनके लिए मैदान ही खत्म कर दिया गया। उन्होंने कहा था कि मोनोपॉली से नौकरियां पैदा नहीं होतीं, इससे कीमतें बढ़ती हैं और प्रतिस्पर्धा खत्म हो जाती है। यह बयान पीएम मोदी के FICCI के कार्यक्रम में दिए गए उस बयान पर आया था, जिसमें कहा गया कि सरकार ने कॉर्पोरेट टैक्स 30% से घटाकर 22% किया और 12 लाख रुपए तक की सालाना कमाई टैक्स फ्री कर दी।
राहुल ने आरोप लगाया था कि हवाई अड्डे, बंदरगाह, खदानें, जंगल, बिजली, कोयला और सड़कें उन्हें सौंप दी गईं, लेकिन नौकरियां पैदा नहीं हुईं। उन्होंने कहा था कि सरकार की नीतियों ने किसी को भी तारीफ के काबिल नहीं छोड़ा। वहीं, कॉन्फेडरेशन ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के महासचिव और चांदनी चौक से सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने राहुल के आरोपों को राजनीतिक दिखावा बताया। उन्होंने कहा कि ये बयान देश के व्यापारिक समुदाय और अर्थव्यवस्था में उसके योगदान की संतुलित समझ को नहीं दर्शाते।
