सामंथा रूथ प्रभु और फिल्ममेकर राज निदिमोरू हाल ही में माता-पिता बने हैं। दोनों ने 19 नवंबर 2026 को बेटे देव का स्वागत किया। बच्चे के जन्म के नौ दिन बाद यह जानकारी सामने आई है कि डिलीवरी को लेकर परिवार काफी चिंता में था। राज निदिमोरू की आंटी और सिंगर डॉ. शोभा राजू ने एक इंटरव्यू में यह जानकारी साझा की।

डॉ. शोभा राजू के मुताबिक, डिलीवरी से पहले हुए स्कैन में पता चला था कि बच्चे की अम्बिलिकल कॉर्ड उसके गले के चारों ओर लिपटी हुई है, जिससे परिवार चिंतित हो गया था। हालांकि, बाद में डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे की हलचल सामान्य है, जिसके बाद परिवार को राहत मिली।

शोभा राजू ने बताया कि एक दिन लंच के दौरान राज निदिमोरू ने फोन करके जानकारी दी कि डॉक्टरों ने सामंथा के लिए सी-सेक्शन की सलाह दी है। इस खबर से परिवार घबरा गया और लगभग 25 से 30 मिनट तक मां और बच्चे की सलामती के लिए प्रार्थना करता रहा। इसके बाद राज का दोबारा फोन आया और उन्होंने बताया कि सामंथा ने नॉर्मल डिलीवरी से बेटे को जन्म दिया है। शोभा राजू के अनुसार, मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।

इस बीच, राज निदिमोरू की बहन शीतल ने मुंबई में सिद्धिविनायक मंदिर, हाजी अली दरगाह और सेंट माइकल्स चर्च का दौरा कर बच्चे के लिए प्रार्थना की और इन धार्मिक स्थलों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। उन्होंने कामना की कि देव बड़ा होकर सभी धर्मों का सम्मान करे और हर इंसान से प्यार करे। बता दें कि सामंथा और राज ने 1 दिसंबर 2025 को कोयंबटूर स्थित ईशा योग केंद्र के लिंग भैरवी मंदिर में निजी समारोह में शादी की थी। दोनों ने वेब सीरीज 'द फैमिली मैन 2' और 'सिटाडेल: हनी बनी' में साथ काम किया है।