सुकेश चंद्रशेखर की जिंदगी पर बनने वाली डॉक्यूमेंट्री 'लव, स्कैम और धोखा: द सुकेश चंद्रशेखर स्टोरी' को लेकर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से सात दिनों के भीतर जवाब मांगा है। यह डॉक्यूमेंट्री 18 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होनी है।

सुकेश चंद्रशेखर के वकील अनंत मलिक ने नेटफ्लिक्स और इंडिया टुडे ग्रुप को कानूनी नोटिस भेजकर डॉक्यूमेंट्री की रिलीज रोकने की मांग की है। उनका आरोप है कि सुकेश के खिलाफ चल रहे मामलों में अभी गवाहों के बयान दर्ज हो रहे हैं, ऐसे में फैसले से पहले डॉक्यूमेंट्री रिलीज करना निष्पक्ष सुनवाई को प्रभावित कर सकता है। वकील ने कहा है कि अगर उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे दिल्ली हाईकोर्ट का रुख करेंगे।

मंत्रालय ने 27 नवंबर को जारी एक आधिकारिक पत्र (संदर्भ संख्या: J-11013/19/2025-DM) में नेटफ्लिक्स से कहा है कि वह सूचना प्रौद्योगिकी नियम, 2021 और लागू भारतीय कानूनों के तहत उठाए गए मुद्दों की जांच करे और सात दिनों के भीतर जवाब दे। पत्र सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के डेप्युटी डायरेक्टर (डिजिटल मीडिया) क्षितिज अग्रवाल के हस्ताक्षर से जारी किया गया है।

मंत्रालय ने ओटीटी प्लेटफॉर्म्स की आचार संहिता का हवाला देते हुए कहा है कि कानून द्वारा रोकी गई किसी भी सामग्री का प्रसारण न करना और उचित सावधानी बरतना अनिवार्य है। हालांकि, इस पत्र में डॉक्यूमेंट्री की रिलीज पर किसी तरह की रोक या स्थगन का निर्देश नहीं दिया गया है। सुकेश चंद्रशेखर इस समय दिल्ली की मंडोली जेल में न्यायिक हिरासत में हैं।