घर में वास्तु नियमों का पालन इसलिए जरूरी माना जाता है ताकि घर की ऊर्जा संतुलित रहे और परिवार का माहौल शांतिपूर्ण बना रहे। इसी क्रम में घर की हर दिशा और कोने का अपना महत्व है। वास्तु गुरु मान्या के अनुसार, दक्षिण दिशा में टॉयलेट होना बड़ा वास्तु दोष माना जाता है। दक्षिण दिशा को आराम और स्थिरता का स्थान बताया जाता है, और यहां शौचालय होने से व्यक्ति की प्रसिद्धि, पहचान और कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसका असर करियर और काम पर भी देखने को मिल सकता है, जिससे व्यक्ति मानसिक तनाव और निर्णय लेने में बाधा महसूस कर सकता है। इसलिए घर बनवाते समय इस दिशा में टॉयलेट न बनवाने की सलाह दी जाती है।
हालांकि, अगर टॉयलेट पहले से घर में मौजूद है या आप किराए के मकान अथवा फ्लैट में रहते हैं और तोड़फोड़ नहीं करना चाहते, तो कुछ सरल उपायों से वास्तु दोष का प्रभाव कम किया जा सकता है। वास्तु गुरु मान्या के अनुसार, दक्षिण दिशा के टॉयलेट या बाथरूम में पीले रंग का इस्तेमाल ऊर्जा संतुलित करने में मददगार माना जा सकता है।
एक और उपाय सेंधा नमक का है। टॉयलेट के किसी साफ और सुरक्षित कोने में एक कटोरी में सेंधा नमक भरकर रखें। माना जाता है कि इसमें आसपास की नकारात्मक ऊर्जा सोखने की क्षमता होती है। नमक को हर 15 दिनों में बदल देना चाहिए और पुराने नमक को घर से बाहर ले जाकर फेंकना उचित माना जाता है।
वास्तु गुरु मान्या के मुताबिक, टॉयलेट की साफ-सफाई का भी ध्यान रखना चाहिए और वहां पानी जमा नहीं होने देना चाहिए। टॉयलेट सीट और दरवाजा बंद रखने से वहां की ऊर्जा का प्रभाव पूरे घर पर नहीं पड़ता। इन छोटे-छोटे उपायों से वास्तु दोष के प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
