हरियाणवी सिंगर और डांसर सपना चौधरी ने अपने पति वीर साहू से तलाक की पुष्टि की है। छह साल तक चली शादी के बाद अब उन्होंने अपने पति के नाम का टैटू भी हटवा लिया है। सपना ने 2020 में शादी के बाद पति के नाम का टैटू बनवाया था, जिसे अब उन्होंने लेजर ट्रीटमेंट से हटवाने का फैसला किया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में वह टैटू हटवाने के लिए लेजर ट्रीटमेंट करवाती दिख रही हैं।
दिलचस्प बात यह है कि तलाक की पुष्टि से पहले ही सपना ने टैटू हटाने के अपने फैसले के बारे में बात की थी। उन्होंने बताया था कि शूटिंग से पहले टैटू छिपाने में काफी समय लग जाता था। चूंकि वह फिल्मों और म्यूजिक प्रोजेक्ट्स में और काम करना चाहती थीं, इसलिए उन्हें टैटू हटवाना ही ज्यादा सही विकल्प लगा।
एनएमएफ न्यूज के साथ बातचीत में सपना ने कहा, 'जब सब कुछ ठीक था, तब हम साथ थे। जब हालात ठीक नहीं रहे, तो हम अलग हो गए। मुझे लगता है कि असल में क्या हुआ, यह या तो वह व्यक्ति समझ सकता है या फिर मैं। अगर कोई तीसरा इंसान इसमें अपनी राय, विचार या दखल देने की कोशिश करता है, तो वह गलत होगा।' प्यार और रिश्तों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि प्यार सिर्फ शारीरिक नहीं होता, बल्कि आत्मा से जुड़ा होता है और इसमें भावनाएं शामिल होती हैं। उन्होंने कहा कि पुरुष ज्यादा व्यावहारिक होते हैं, जबकि महिलाएं अक्सर भावनाओं में बह जाती हैं। उनकी इन बातों से ऐसा लगा जैसे वे किसी धोखे की ओर इशारा कर रही हों।
बता दें कि सपना चौधरी ने 2020 में एक प्राइवेट सेरेमनी में हरियाणवी गायक और एक्टर वीर साहू से शादी की थी। उनके दो बच्चे हैं। दोनों ने शादी के छह साल बाद अलग होने का फैसला लिया है। सपना चौधरी ने अपने पति पर कई आरोप लगाते हुए कोर्ट में तलाक की अर्जी दी थी। सपना हरियाणवी मनोरंजन जगत की सबसे फेमस चेहरों में से एक हैं और पूरे उत्तर भारत में उनके बहुत सारे फैंस हैं। उन्होंने 'बिग बॉस 11' और 'द 50' में भी हिस्सा लिया था और कई म्यूजिक वीडियोज भी कर चुकी हैं।
