बिहार की खेल मंत्री और अंतरराष्ट्रीय शूटर श्रेयसी सिंह ने शनिवार को राजधानी पटना के ऊर्जा स्टेडियम में सारण क्रिकेट लीग (एससीएल) के उद्घाटन के बाद पिच पर उतरकर बल्लेबाजी की। राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीत चुकीं श्रेयसी ने आत्मविश्वास के साथ शॉट लगाए और उनकी सटीक टाइमिंग ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। गेंद बल्ले से दूर जाते ही स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी की पहल पर आयोजित इस लीग का उद्घाटन खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, विधायक छोटी कुमारी, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार और अभिनेता व गायक अरुण बख्शी ने संयुक्त रूप से किया। श्रेयसी सिंह ने कहा कि लीग की शुरुआत उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच देने के उद्देश्य से की गई है और ऐसे आयोजन बिहार में स्वस्थ खेल संस्कृति को नई दिशा देंगे। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन की अपील की और सांसद रूडी की इस पहल की सराहना की।

कुंदन कुमार ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से गांवों और कस्बों में छिपी प्रतिभाओं को सामने आने का अवसर मिलता है। आयोजकों के अनुसार, लीग का मुख्य उद्देश्य दूरदराज के क्षेत्रों में मौजूद क्रिकेट प्रतिभाओं को तलाशना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है। लीग में कुल एक लाख 26 हजार रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है और इसके जरिए खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

उद्घाटन समारोह के बाद चैरिटी क्रिकेट मैच हुआ, जिसमें जीएसटी अधिकारियों की टीम 'रेवेन्यू रेंजर्स' और मीडिया टीम के बीच मुकाबला हुआ। रोमांचक मैच में रेवेन्यू रेंजर्स की टीम ने जीत दर्ज की।