कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरभ दास को लंदन जाने से रोके जाने के मामले में विदेश मंत्रालय ने स्पष्टीकरण दिया है। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को बताया कि चेन्नई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने दास को शो-कॉज नोटिस जारी किया है, जिसमें उनसे सात दिनों के भीतर अपनी सही जन्म स्थान की जानकारी देने को कहा गया है। जवाब मिलने तक उन्हें पासपोर्ट इस्तेमाल न करने की सलाह दी गई है।

जायसवाल के अनुसार, पासपोर्ट आवेदन में दी गई हर जानकारी सही और पूरी होनी चाहिए। यदि किसी आवेदक के खिलाफ शिकायत आती है या तथ्य छिपाने या गलत जानकारी देने की बात सामने आती है, तो पासपोर्ट कार्यालय नियमों के तहत स्पष्टीकरण के लिए नोटिस जारी करता है। इसे सामान्य प्रक्रिया बताया गया है।

यह बयान सौरभ दास के उस आरोप के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि सोमवार को रात करीब 1 बजे दिल्ली के एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें लंदन जाने वाली फ्लाइट में चढ़ने से रोक दिया। अधिकारियों ने बताया था कि उनका पासपोर्ट फ्लैग कर दिया गया है। दास ने कहा था कि वे ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन के एक पैनल डिस्कशन में 'कॉकरोच मूवमेंट' पर बोलने जा रहे थे और रोके जाने के कारण वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।

इस घटना के बाद सीजेपी फाउंडर अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार पर हमला बोला था। अब विदेश मंत्रालय ने साफ किया है कि दास को लंदन जाने से रोके जाने की वजह पासपोर्ट में जन्म स्थान से जुड़ी जानकारी है। पासपोर्ट कार्यालय ने उन्हें सात दिनों में लिखित जवाब देने का समय दिया है और मामला स्पष्ट होने तक पासपोर्ट इस्तेमाल न करने की सलाह दी है।