विदेश मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरव दास के पासपोर्ट में दर्ज जन्मस्थान की जानकारी पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि चेन्नई के रीजनल पासपोर्ट कार्यालय ने 23 नवंबर को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था, जिसका जवाब 7 दिन में देना है। जवाब देने तक उन्हें पासपोर्ट का इस्तेमाल न करने की सलाह दी गई है।
सौरव दास का आरोप है कि 23 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट पर रात 1 बजे की फ्लाइट से उन्हें जाने नहीं दिया गया और इमिग्रेशन काउंटर पर रोक दिया गया। उन्होंने बताया कि वे ‘कॉकरोच मूवमेंट’ पर बोलने के लिए यूके जा रहे थे और उन्हें ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, LSE और एडिनबरा जैसे विश्वविद्यालयों से निमंत्रण मिले थे। आधिकारिक लिस्टिंग के मुताबिक, एक दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में पैनल चर्चा होनी है, जिसमें उन्हें शामिल होने के लिए बुलाया गया था। ऑक्सफोर्ड यूनियन एक स्वतंत्र रूप से चलने वाली डिबेटिंग सोसाइटी है और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी का हिस्सा नहीं है।
विदेश यात्रा पर रोक के खिलाफ सौरव दास ने बुधवार को दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका लगाई है। उनके वकील ने एक्टिंग चीफ जस्टिस नितिन वासुदेव सांबरे और जस्टिस संजय शर्मा की बेंच के सामने जल्द सुनवाई की मांग की है।
दीपके ने सौरव दास का समर्थन करते हुए कहा कि एयरपोर्ट पर उन्हें रोका जाना सरकार के बहाने हैं। उन्होंने कहा कि अगर दास ने कोई धोखाधड़ी या घोटाला किया होता, तब भी उन्हें इस तरह नहीं रोका जाता। दीपके ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार विजय माल्या, मेहुल चोकसी या नीरव मोदी जैसे लोगों को नहीं रोकती, जिन पर देश का 58 करोड़ बकाया है, जबकि 27 साल के सौरव दास से परेशान है।
