देश के सबसे चर्चित शीना बोरा हत्याकांड का मुकदमा अब अपने अंतिम दौर में पहुंच गया है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर चल रही रोजाना सुनवाई के बीच सीबीआई ने मंगलवार को विशेष अदालत को बताया कि उसकी ओर से अब और सबूत या गवाह पेश नहीं किए जाएंगे। एजेंसी ने इस मामले में 150 गवाहों के बयान दर्ज कराए हैं। इस मामले में पूर्व मीडिया अधिकारी इंद्राणी मुखर्जी, उनके पूर्व पति पीटर मुखर्जी और संजीव खन्ना मुख्य आरोपी के तौर पर मुकदमे का सामना कर रहे हैं।

सीबीआई की ओर से सबूत पेश करने का सिलसिला थमने के बाद अब अदालत आरोपियों के बयान दर्ज करेगी। इसके लिए आपराधिक प्रक्रिया संहिता की धारा 313 के तहत मुकदमे के दौरान सामने आए सबूतों और गवाहों की बातों के आधार पर आरोपियों से सीधे सवाल पूछे जाएंगे। हालांकि, इससे पहले आरोपियों को अपने बचाव में गवाह पेश करने का मौका भी मिलेगा। इसके बाद सरकारी और बचाव पक्ष के वकील अदालत में अपनी अंतिम दलीलें रखेंगे। दोनों पक्षों की बहस पूरी होते ही अदालत इस हाई-प्रोफाइल मामले में अपना फैसला सुरक्षित रख सकती है।

सीबीआई की जांच के मुताबिक, इंद्राणी मुखर्जी, पीटर मुखर्जी, संजीव खन्ना और ड्राइवर श्यामवर राय ने मिलकर इंद्राणी की पहली शादी से हुई बेटी शीना बोरा के अपहरण और हत्या की साजिश रची थी। एजेंसी का आरोप है कि 24 अप्रैल 2012 को इंद्राणी, संजीव और ड्राइवर राय ने एक कार में शीना का अपहरण किया, कार में ही उसे नशीला पदार्थ दिया गया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। सबूत मिटाने के इरादे से बाद में उसके शव को रायगढ़ जिले के पेन इलाके के जंगल में ले जाकर ठिकाने लगा दिया गया था। इस हत्याकांड का राज अगस्त 2015 में खुला था, जब खार पुलिस अवैध हथियार रखने के मामले में गिरफ्तार ड्राइवर श्यामवर राय से पूछताछ कर रही थी। राय ने पूछताछ में शीना की हत्या का सच उगल दिया, जिसके बाद पुलिस ने इंद्राणी और संजीव खन्ना को गिरफ्तार कर लिया। नवंबर 2015 में तीनों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई और इसी दौरान पीटर मुखर्जी को भी हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। बाद में यह केस सीबीआई को सौंपा गया, जहां ड्राइवर श्यामवर राय सरकारी गवाह बन गया।

जनवरी 2017 में विशेष अदालत ने आरोपियों के खिलाफ हत्या, अपहरण, सबूत मिटाने, आपराधिक साजिश और पुलिस को गुमराह करने के आरोप तय किए थे। इंद्राणी और संजीव खन्ना पर इंद्राणी के बेटे मिखाइल बोरा की हत्या की कोशिश करने का आरोप भी लगा, हालांकि पीटर मुखर्जी को इस आरोप से अलग रखा गया। सभी आरोपियों ने अदालत में खुद को बेकसूर बताया था। सीबीआई ने इस हत्या के पीछे सबसे बड़ी वजह पीटर के बेटे राहुल मुखर्जी और शीना के प्रेम संबंधों को बताया था। एजेंसी का दावा था कि पीटर और इंद्राणी इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे, लेकिन इसके बावजूद दोनों ने सगाई कर ली थी और 2012 में शादी करने वाले थे। इस लंबे मुकदमे में शीना के जैविक पिता सिद्धार्थ दास, इंद्राणी के बेटे मिखाइल बोरा, इंद्राणी और संजीव की बेटी विधि मुखर्जी, पीटर के बेटे राहुल मुखर्जी और इंद्राणी की पूर्व सहायक काजल शर्मा समेत कई अहम लोगों ने गवाही दी। सीबीआई की ओर से पेश होने वाले 150वें और आखिरी गवाह इस मामले के जांच अधिकारी के.के. सिंह रहे।

मुकदमे के दौरान आरोपियों की निजी जिंदगी और कानूनी स्थिति में भी कई बड़े बदलाव आए। अक्टूबर 2019 में जेल में रहते हुए ही इंद्राणी और पीटर ने आपसी सहमति से तलाक लेकर अपनी 17 साल पुरानी शादी खत्म कर ली। मार्च 2020 में कोरोना लॉकडाउन लगने से ठीक पहले बॉम्बे हाई कोर्ट ने पीटर मुखर्जी को जमानत दे दी। लॉकडाउन के कारण करीब एक साल तक अदालत की कार्यवाही रुकी रही, जो फरवरी 2021 में दोबारा शुरू हुई। दिसंबर 2021 में इस केस में उस समय नया मोड़ आया, जब इंद्राणी ने सीबीआई को पत्र लिखकर दावा किया कि भायखला जेल की एक महिला कैदी ने उसे बताय