सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने आरोप लगाया है कि सरकार ने उन्हें घर में नजरबंद कर रखा है और इस पर भारी रकम खर्च की जा रही है। उन्होंने बुधवार को करीब ढाई मिनट का एक वीडियो संदेश जारी कर यह दावा किया। वांगचुक ने कहा कि वे नजरबंदी के खिलाफ अदालत का रुख कर चुके हैं और उन्हें उम्मीद है कि यह गैर-कानूनी हिरासत खत्म होगी।

वीडियो में वांगचुक ने कहा कि 17 नवंबर को उनकी नजरबंदी का आठवां दिन था। उन्होंने जोधपुर जेल में बिताए छह महीनों का जिक्र करते हुए दावा किया कि उन्हें गिरफ्तार करने और जेल में रखने पर लगभग एक करोड़ रुपये का खर्च आया। उन्होंने कहा कि जेल में उन पर छह सिपाही तैनात थे और महीने में करीब छह लाख रुपये का खर्चा आ रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि स्पेशल हवाई जहाज से ले जाने पर भी लाखों रुपये खर्च हुए।

वांगचुक ने आरोप लगाया कि नजरबंदी के दौरान उनके बाहर 20 से 25 सिपाही और 12 से 15 गाड़ियां तैनात रहती हैं, जिस पर दोबारा लगभग एक करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। उन्होंने सवाल किया कि करदाताओं का पैसा स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों और सीमाओं पर तैनात सैनिकों की सुविधाओं पर क्यों नहीं खर्च हो रहा।

वांगचुक ने कहा कि लद्दाख में लंबे समय से कोई आयकर नहीं लिया जाता, लेकिन वे सालों से अपना टैक्स देते आए हैं। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या उन्हें टैक्स देना बंद कर देना चाहिए। इससे पहले उन्होंने बताया था कि प्रस्तावित काउंसिल चुनावों के विरोध में लद्दाख में कई जगहों पर प्रदर्शन हो रहे हैं और उनकी रिहाई का मुद्दा भी इन प्रदर्शनों में शामिल हो चुका है।