इटली में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के पुश्तैनी घर को म्यूजियम के रूप में संरक्षित किया गया है। घर के मालिक सुखदेव सिंह कांग ने अमृतसर में यह जानकारी दी। उन्होंने गांधी परिवार को यह घर देखने के लिए आने का न्योता भी दिया है।

कांग के मुताबिक, यह जगह केरलम से आने वाले भारतीय पर्यटकों को आकर्षित करती है। पहले यहां ताला लगा रहता था, लेकिन अब एक केयरटेकर नियुक्त की गई है, जिससे पर्यटक घर के अंदर जा सकते हैं। म्यूजियम में सोनिया गांधी के बचपन से लेकर भारत में उनके राजनीतिक करियर तक की झलक देखने को मिलेगी। इटली में उनके शुरुआती दौर से लेकर भारत में उनके प्रमुख राजनीतिक जीवन तक की कहानी यहां दर्ज की जाएगी।

कांग ने बताया कि गांधी परिवार की ओर से दी जाने वाली चीजें भी घर के अंदर रखी जाएंगी, जिससे पर्यटकों को सोनिया गांधी के जीवन और उनकी यात्रा के बारे में अधिक जानने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह म्यूजियम केवल सोनिया गांधी को समर्पित है और उनकी यादों को सहेजता है।

कांग ने कहा कि उनके परिवार और इटली के स्थानीय ग्रामीणों के लिए यह गर्व की बात है कि इसी साधारण घर में जन्मीं सोनिया गांधी भारत में बड़े सार्वजनिक पद तक पहुंचीं। उन्होंने कहा कि भारत से जुड़े लोगों का दूसरे देश में जाकर सफल होना गर्व की बात है। कांग ने गांधी परिवार तक यह संदेश पहुंचाया कि वे घर देखने जरूर आएं।