भारत में 15 से 59 वर्ष के लोगों के मृत्यु आंकड़ों पर आधारित एक अध्ययन में पाया गया है कि परिवार की आर्थिक स्थिति जाति और धर्म की तुलना में वयस्कों के जीवित रहने की संभावना को अधिक प्रभावित करती है। Demographic Research जर्नल में प्रकाशित इस अध्ययन को मैक्स प्लैंक इंस्टीट्यूट फॉर डेमोग्राफिक रिसर्च के मोरध्वज धाकड़ और IIPS की नंदिता सैकिया ने किया है। शोधकर्ताओं ने NFHS के 1998-99, 2015-16 और 2019-21 के तीन दौर के आंकड़ों का विश्लेषण किया।

अध्ययन के मुताबिक, सबसे अमीर परिवारों के पुरुषों में कामकाजी उम्र में मौत का जोखिम सबसे गरीब परिवारों के पुरुषों की तुलना में 62 फीसदी कम है, जबकि महिलाओं में यह अंतर 42 फीसदी है। सबसे गरीब परिवारों में प्रति 1000 पुरुषों पर यह जोखिम 280 था, जो सबसे अमीर परिवारों में 158 रहा। महिलाओं में यह आंकड़ा क्रमशः 157 और 87 था। जाति, धर्म, ग्रामीण-शहरी निवास और राज्यों के अंतर को ध्यान में रखने के बाद भी आर्थिक स्थिति का असर बना रहा।

2019-21 के आंकड़ों में अनुसूचित जाति के पुरुषों में मृत्यु की संभावना प्रति 1000 पर 256 और अनुसूचित जनजाति के पुरुषों में 254 रही, जबकि ऊंची जाति के हिंदू पुरुषों में यह 197 थी। अनुसूचित जाति की महिलाओं में आर्थिक और भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखने के बाद भी ऊंची जाति की हिंदू महिलाओं की तुलना में मृत्यु का जोखिम 19 फीसदी अधिक पाया गया। तीनों सर्वेक्षण दौर में मुस्लिम पुरुषों में ऊंची जाति के हिंदू पुरुषों की तुलना में वयस्क मृत्यु का जोखिम लगातार कम रहा; 2019-21 में आर्थिक स्थिति, निवास स्थान और राज्य के अंतर को ध्यान में रखने के बाद भी यह जोखिम 21 फीसदी कम था। शोधकर्ताओं ने संभावित कारणों में मुस्लिम वयस्कों में शराब का कम सेवन और कई राज्यों में मुस्लिम आबादी का अधिक शहरीकरण बताया है। मुस्लिम महिलाओं और ऊंची जाति की हिंदू महिलाओं के जोखिम में कोई महत्वपूर्ण अंतर नहीं मिला।

अध्ययन में यह भी सामने आया कि पिछले दो दशक में महिलाओं की वयस्क मृत्यु दर में पुरुषों की तुलना में तेजी से सुधार हुआ है। 1998-99 में महिलाओं की मृत्यु की संभावना प्रति 1000 पर 208 थी, जो 2019-21 में घटकर 125 रह गई, यानी करीब 40 फीसदी की कमी। इसी अवधि में पुरुषों की मृत्यु की संभावना 268 से घटकर 221 हुई। हालांकि, 2015-16 से 2019-21 के बीच पुरुषों की वयस्क मृत्यु दर 209 से बढ़कर 221 हो गई, जिसका बड़ा कारण शोधकर्ताओं ने कोरोना महामारी के दौरान पुरुषों की अतिरिक्त मौतें और कामकाज से जुड़ी जोखिमपूर्ण परिस्थितियां बताया है।