सुप्रीम कोर्ट ने उस वकील को कारण बताओ नोटिस जारी किया है, जिसने 16 नवंबर को खुली अदालत में भारत के मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी की थी। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (एससीबीए) की ओर से आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस दीपांकर दत्ता, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने अधिवक्ता प्रवीण सिंघल को यह नोटिस जारी किया।
पीठ ने अटॉर्नी जनरल की मंजूरी समेत मामले से जुड़े सभी दस्तावेजों पर विचार किया। इसके बाद कोर्ट ने कहा कि पहली नजर में यह मामला आगे कार्रवाई करने लायक है और एससीबीए की मांग पर आगे सुनवाई होनी चाहिए। मामले की अगली सुनवाई जनवरी में होगी। बेंच ने निर्देश दिया कि प्रतिवादी 8 जनवरी तक अपना जवाब (हलफनामा) दाखिल कर सकता है और अगली सुनवाई की तारीख पर उसे व्यक्तिगत रूप से मौजूद रहना होगा।
एससीबीए के अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता प्रदीप राय ने कहा कि खुली अदालत में अनुचित टिप्पणी करने की घटना पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह वकील एससीबीए का सदस्य नहीं था और यह भी बताया कि प्रतिवादी ने सीजेआई सूर्यकांत को निशाना बनाते हुए इंस्टाग्राम पर एक रील भी पोस्ट की है। राय ने कहा कि ऐसे कई अन्य लोग भी हैं जो जजों को निशाना बनाकर सोशल मीडिया कंटेंट से पैसे कमाते हैं। सॉलिसीटर जनरल तुषार मेहता ने एससीबीए की याचिका का पूरा समर्थन करते हुए कहा कि अदालत की गरिमा बनाए रखना जरूरी है। अवमानना कार्यवाही की सहमति देने वाले पत्र में एजी वेंकटरमणी ने प्रवीण सिंघल के आचरण को "बेहद अपमानजनक और अक्षम्य" बताया और कहा कि यह 'कंटेम्प्ट ऑफ कोर्ट्स एक्ट' की धारा 15(1)(b) के तहत कार्रवाई के लिए उपयुक्त मामला है।
दरअसल, सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान वकील ने सीजेआई पर व्यक्तिगत टिप्पणी की। पीठ में सीजेआई सूर्यकांत के अलावा न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना भी मौजूद थे। सीजेआई ने वकील से इंतजार करने को कहा और आश्वासन दिया कि उनके कागजात देखे जाएंगे, लेकिन वकील इंतजार करने को तैयार नहीं हुए। उन्होंने सीजेआई पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा, 'नहीं, मैं इंतजार नहीं करूंगा। आप उस कुर्सी पर नहीं बैठ सकते, आप इसके योग्य नहीं हैं। आपके अंदर इसके लिए ईमानदारी नहीं है।' बताया गया कि वकील ने न्यायमूर्ति बागची और न्यायमूर्ति मोहना के प्रति सम्मान जताया, लेकिन सीजेआई सूर्यकांत को इस पद के योग्य मानने से इनकार कर दिया। घटना के बाद कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो बंद कर दिया गया। अदालत में मौजूद वकीलों के मुताबिक, इसके बाद संबंधित वकील को कोर्ट रूम से बाहर ले जाया गया और वहां मौजूद कुछ अन्य वकीलों ने सीजेआई से उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग भी की।
