टोल टैक्स से बचने के लिए वाहन की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करना या उसे छिपाना अब वाहन मालिकों को महंगा पड़ सकता है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को निर्देश दिया है कि वह सामान्य टोल शुल्क से पांच गुना तक ज्यादा जुर्माना वसूलने की व्यवस्था को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लागू करे और वाहन चालकों के बीच जागरूकता फैलाए। यह जानकारी मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को दिए गए निर्देश के आधार पर सामने आई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्रालय नियमों में संशोधन का प्रस्ताव तैयार कर रहा है, जिसके तहत नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करते पकड़े जाने पर NHAI जैसी हाईवे एजेंसियां सामान्य टोल से पांच गुना ज्यादा शुल्क वसूल सकेंगी। यह टोल पेनाल्टी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत लगने वाले चालान से अलग होगी। राज्य परिवहन विभाग नंबर प्लेट से छेड़छाड़ के मामले में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत पहली बार पकड़े जाने पर 5,000 रुपये और दोबारा नियम तोड़ने पर 10,000 रुपये का अलग चालान काट सकेंगे।

अधिकारियों के मुताबिक, अगले कुछ महीनों में एक हाई-टेक सिस्टम लागू किया जाएगा, जो टोल प्लाजा पर ली गई तस्वीरों, गाड़ी की डिटेल्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से उन वाहनों की तुरंत पहचान करेगा जिनकी नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की गई है या नंबर छिपाए गए हैं।

कुछ समय पहले दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा से कई ऐसे मामले सामने आए थे, जहां बैरियर-फ्री टोल व्यवस्था के तहत कई वाहन मालिक टोल से बचने के लिए नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे। मुंडका टोल प्लाजा पर बैरियरलेस टोलिंग शुरू होने के कुछ ही दिनों बाद NHAI ने इस समस्या पर चिंता जताते हुए दिल्ली सरकार को पत्र लिखकर कड़ी निगरानी रखने की मांग की थी।