हरिद्वार में भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू हुई, जिसमें पार्टी ने अगले एक महीने में सात लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार, पार्टी के सभी सात मोर्चों को एक-एक लाख नए सदस्य जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई है। युवा और अनुसूचित मोर्चा को सदस्यता अभियान में विशेष सक्रियता दिखाने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में महिला चौपाल और एससी-एसटी सम्मेलनों के जरिये विभिन्न वर्गों तक पहुंच बढ़ाने की कार्ययोजना भी तैयार की गई।

गंगा किनारे प्रेमनगर आश्रम में शनिवार को शुरू हुई इस बैठक में 900 से अधिक पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज और महामंत्री संगठन ने संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की। विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों ने आगामी दो माह के कार्यक्रमों का खाका प्रस्तुत किया।

प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर जन आशीर्वाद यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें मुख्यमंत्री और केंद्रीय नेताओं की भागीदारी रहेगी। चुनावी अभियान को विस्तार देने के लिए प्रदेश के 19 संगठनात्मक जिलों में दूसरे राज्यों से आने वाले कार्यकर्ताओं को जिला विस्तारक की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने कहा कि पार्टी की ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और बूथ से लेकर घर-घर तक संपर्क कर सरकार की उपलब्धियां जनता के बीच पहुंचाई जाएंगी।

बैठक में रविवार को विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत आगामी कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा। दोपहर तीन बजे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करेंगे।