वाराणसी में राष्ट्रीय पोलियो दिवस के अवसर पर शनिवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार और रोटरी इंटरनेशनल के सहयोग से आइएमए परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया गया और 'दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकैर' का संदेश दिया गया।
आइएमए अध्यक्ष डा. अनुराग टंडन ने कहा कि पोलियो उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य विभाग, आइएमए, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) और रोटरी क्लब मिलकर लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी बीमारी से बचाव के लिए जनजागरूकता बेहद जरूरी है और प्रत्येक अभिभावक को अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलानी चाहिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एनपी सिंह ने पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को दोहराते हुए अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में डा. शिवसागर कनौजिया आदि मौजूद रहे।
