बनारस स्टेशन पर आरपीएफ, जीआरपी और सीआईबी की संयुक्त टीम ने मंगलवार रात 23 दुर्लभ कछुओं के साथ दो महिलाओं को गिरफ्तार किया। पुरानी पार्किंग परिसर में 13 बैग और गठरियों से अलग-अलग प्रजाति के कछुए मिले, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
पूछताछ में दोनों की पहचान सुल्तानपुर जनपद के हनुमानगंज अंतर्गत पकड़ी निवासी मनीषा और सपना के रूप में हुई। आरपीएफ पोस्ट के प्रभारी राजेश कुमार के अनुसार दोनों महिलाएं सुल्तानपुर से सड़क मार्ग से बनारस स्टेशन पहुंची थीं और पश्चिम बंगाल जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रही थीं। वे गोद में छोटे-छोटे बच्चों के साथ बैठी थीं। इसी दौरान टीम को सूचना मिली और घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। बच्चों को साथ रखकर तस्करी की बात सामने आने पर टीम भी हैरान रह गई।
आरपीएफ ने कछुओं को वन विभाग के हवाले कर दिया है। वन विभाग कछुओं की प्रजाति और उनकी स्थिति की जांच कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार तस्करी के नेटवर्क की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि कछुए कहां से लाए गए थे तथा पश्चिम बंगाल में किसे सौंपे जाने थे।
