यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की 94वीं बोर्ड बैठक गुरुवार को हुई, जिसकी अध्यक्षता अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त तथा YEIDA अध्यक्ष आलोक कुमार ने की। बैठक में CEO राकेश कुमार सिंह ने अलग-अलग प्रस्ताव सदस्यों के सामने रखे। बैठक में औद्योगिक विकास, निवेश को बढ़ावा, किसानों को मुआवजा, आवासीय आवंटियों को राहत और बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दों पर फैसले लिए गए।

बैठक में बताया गया कि वित्त वर्ष 2026-27 में 30 अक्टूबर तक प्राधिकरण की कुल आय 7,071.48 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले वित्त वर्ष में इसी अवधि में यह 1,746.38 करोड़ रुपये थी। चालू वित्त वर्ष में जमीन खरीद और अधिग्रहण के लिए 8,000 करोड़ रुपये का प्रावधान है, जिसमें से 30 अक्टूबर तक 4,985.47 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। इसमें जेवर एयरपोर्ट परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण के तहत 565.15 करोड़ रुपये का भुगतान भी शामिल है। निर्माण और विकास गतिविधियों पर 383 करोड़ रुपये खर्च हुए, जबकि NHAI को 555.38 करोड़ रुपये दिए गए।

बोर्ड ने उत्तर प्रदेश निजी बिजनेस पार्क विकास योजना-2025 को सैद्धांतिक स्वीकृति दी। निवेश यूपी के लैंड फैसिलिटेशन लेटर और निवेश सारथी पोर्टल पर मिले प्रस्तावों के आधार पर सेक्टर-4 और सेक्टर-8E में औद्योगिक भूखंडों के लिए किसानों से पारस्परिक सहमति से भूमि अधिग्रहण का निर्णय हुआ। आवासीय आवंटियों को राहत देते हुए भवन निर्माण की निःशुल्क समय सीमा 31 दिसंबर 2026 से बढ़ाकर 31 दिसंबर 2027 कर दी गई। यह सुविधा उन आवंटियों को मिलेगी जिनकी लीजडीड पूरी हो चुकी है।

बैठक में जिक्रपुर से टप्पल कट तक यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे बनी क्षतिग्रस्त हॉलज रोड की मरम्मत का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ, जिस पर लगभग 6.65 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। YEIDA Waste Management (Regulation & Control) Bye Laws, 2026 के ड्राफ्ट गजट नोटिफिकेशन को स्वीकृति दी गई और RESCO मॉडल से छतों पर सोलर प्लांट लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली। सर्विस मास्टर प्लान-2041 तथा आगरा अर्बन सेंटर के मास्टर प्लान-2041 की ड्राफ्ट रिपोर्ट और भू-उपयोग मानचित्र को स्वीकृति दी गई, जिसे अब राज्य सरकार से अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा। किसानों से जुड़े विषयों की समीक्षा में बताया गया कि प्राधिकरण 14,281 किसानों के लिए प्रकाशन जारी कर चुका है, जिनमें से 11,229 को आरक्षण पत्र दिए जा चुके हैं और 5,147 भूखंड विभिन्न सेक्टरों में नियोजित किए गए हैं।